Google Analytics —— Meta Pixel

रायगढ़ में जादू-टोना के शक में 82 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या, धमतरी में चाकूबाजी से सनसनी

Crime in Chhattisgarh: रायगढ़ जिले के ठाकुरपोड़ी दर्रापारा गांव में जादू-टोना के शक में 82 साल की बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आया है। दरअसल, 12 दिसंबर को गांव के ही सबीलाल केरकेट्टा ने 82 साल की सोनमति केरकेट्टा पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए बांस के डंडे से जानलेवा हमला किया था। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल पत्थलगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां 15 दिसंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद कापू पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें:- नए साल से पहले रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशे में धुत 22 युवक-युवतियां गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी सबीलाल केरकेट्टा (उम्र 50) की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जादू-टोना के संदेह में वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। वहीं बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के सामने एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, अजय चौहान अपने साथी करण बचकानी के साथ शराब खरीदने गया था। इसी दौरान आरोपी राहुल बंजारे अपने साथियों अरमान अली, मनोहर विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र बंजारे और रितेश सोनकर के साथ वहां पहुंचा।

धमतरी में चाकूबाजी से सनसनी

आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की और मना करने पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपियों ने एक राय होकर युवक के साथ हाथ-मुक्का और लात से जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। इधर, धमतरी जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हटकेशर वार्ड में चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। (Crime in Chhattisgarh)

सरकारी स्कूल के पास वारदात

जानकारी के मुताबिक बुधवार रात हटकेशर वार्ड स्थित सरकारी स्कूल के पास जितेंद्र निषाद खड़ा हुआ था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और जबरन जितेंद्र को अपने साथ ले जाते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट पर दो जगह गंभीर चोटें आई हैं। घायल जितेंद्र निषाद ने आरोप लगाया है कि हमला करने वाले तीन युवकों में से एक युवक पहले से ही जिला बदर घोषित है, इसके बावजूद वह धमतरी में रहकर खुलेआम आपराधिक घटना को अंजाम दे रहा था। जिला अस्पताल के डॉक्टर राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि युवक की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!