Google Analytics —— Meta Pixel

तालाब में डूबने से बेबी एलिफेंट की मौत, रायगढ़ वन मंडल में मचा हड़कंप

Death of Baby Elephant: रायगढ़ जिले के बंगुरसिया क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से एक हाथी के शावक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। जानकारी के मुताबिक बीते कई दिनों से हाथियों का एक बड़ा दल बंगुरसिया और आसपास के इलाकों में लगातार विचरण कर रहा था। शुक्रवार देर रात यह दल बंगुरसिया गांव के तालाब में पानी पीने पहुंचा।

यह भी पढ़ें:- दुर्ग में बीबीए छात्रा से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 9.50 लाख की वसूली

इसी दौरान एक हाथी शावक तालाब में उतर गया, लेकिन पानी ज्यादा गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पूरे हाथी दल पर निगरानी बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाकों में गश्त तेज कर दी गई है। (Death of Baby Elephant)

धान खरीदी केंद्र तक पहुंच रहा था हाथियों का दल

बताया जा रहा है कि यही हाथियों का दल रोजाना बंगुरसिया धान खरीदी केंद्र तक पहुंच रहा था। हाथी धान खाने के लिए मंडी परिसर में घुस जाते थे। जानकारी के मुताबिक हाथियों का दल रोजाना करीब 8 से 10 बोरी धान खा रहा था, जिससे खरीदी केंद्र के कर्मचारियों और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था।

ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत

वन विभाग की ओर से क्षेत्र में मुनादी कर ग्रामीणों को जंगल और हाथियों की मौजूदगी वाले इलाकों में न जाने की सख्त हिदायत दी जा रही है। धान खरीदी केंद्र और आसपास के गांवों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो। (Death of Baby Elephant)

अब तक इतने हाथियों की मौत

बता दें कि रायगढ़ वन मंडल में हाल के दिनों में यह दूसरी हाथी शावक की मौत है। इससे पहले भी कुछ दिन पहले एक हाथी शावक की मौत की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से वन्यजीव सुरक्षा और मानव-हाथी संघर्ष को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अभी रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में करीब 34 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जो लगातार गांवों और कृषि क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है।

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग अलर्ट

इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। वहीं वन विभाग हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर मोड़ने और मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के प्रयास कर रहा है। रायगढ़ वन मंडल के अधिकारी अरविंद पीएम ने बताया कि हाथी शावक के शव का पोस्टमार्टम किया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!