सुकमा डीएसपी पर हमले का केस, होटल में हत्या करने की थी योजना, महिला आरोपी ने रची थी साजिश

Sukma DSP Tomesh Verma: दंतेवाड़ा जिले में सुकमा डीएसपी तोमेश वर्मा पर हुए चाकू से हमले के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। शनिवार को पुलिस ने महिला और पुरुष दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रीक्रिएट कराया। इस दौरान प्रत्यक्षदर्शी भी मौके पर मौजूद रहे, जिन्होंने पुलिस को वारदात से जुड़ी अहम जानकारियां दी।
यह भी पढ़ें:- तालाब में डूबने से बेबी एलिफेंट की मौत, रायगढ़ वन मंडल में मचा हड़कंप
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों की मंशा डीएसपी की बीच सड़क पर हत्या करने की नहीं थी, बल्कि होटल में वारदात को अंजाम देने की साजिश रची गई थी। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि रिटायर्ड फौजी रमाशंकर साहू के पास धारदार हथियार था और उसने पुलिस टीम के सामने हमले का पूरा डेमो भी दिया। (Sukma DSP Tomesh Verma)
महिला आरोपी ने रची थी पूरी साजिश
जानकारी के मुताबिक इस पूरे मामले की मास्टरमाइंड महिला आरोपी ही थी। डीएसपी और महिला आरोपी के बीच पहले फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद दंतेवाड़ा में मिलने का प्लान बनाया गया। तय योजना के तहत डीएसपी अपनी स्कॉर्पियो वाहन लेकर महिला को लेने पहुंचे। जैसे ही महिला गाड़ी में बैठी, उसके साथ मौजूद रमाशंकर साहू भी जबरन वाहन में बैठ गया। इस बात की जानकारी डीएसपी को पहले से नहीं थी कि महिला के साथ उसका पुरुष मित्र भी मौजूद रहेगा।
होटल पहुंचने से पहले बिगड़ी योजना
अचानक रमाशंकर के गाड़ी में बैठने से विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान हालात बिगड़ गए और डीएसपी होटल तक नहीं पहुंच सके। पुलिस का मानना है कि अगर डीएसपी होटल पहुंच जाते तो आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब हो सकते थे। (Sukma DSP Tomesh Verma)
फर्जी आधार कार्ड भी बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किए हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि आरोपी पहले से ही पूरी योजना के साथ दंतेवाड़ा पहुंचे थे। पुलिस ने उन प्रत्यक्षदर्शियों को भी क्राइम सीन पर लेकर पहुंची, जिन्होंने बहादुरी दिखाते हुए डीएसपी की जान बचाई। दंतेवाड़ा के राजा साहू ने बताया कि वह गीदम से काम कर लौट रहा था, तभी HDFC बैंक के पास स्कॉर्पियो वाहन में महिला और दो पुरुषों के बीच छीना-झपटी देखी।
गले पर किया पहला वार
वाहन के अंदर एक व्यक्ति के हाथ में धारदार चाकू था। इसी दौरान धमतरी के इंद्रजीत देवांगन भी मौके पर पहुंच गया। दोनों के सामने ही रमाशंकर साहू ने डीएसपी पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने पहला वार सीधे डीएसपी के गले पर किया, लेकिन चाकू कंधे पर लग गया, जिससे डीएसपी गंभीर रूप से घायल हो गए। जब आरोपी ने दूसरा वार करने की कोशिश की, तब राजा साहू और इंद्रजीत देवांगन ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर को पकड़ लिया।
डीएसपी का इलाज जारी
स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को सड़क की रेलिंग से बांध दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल डीएसपी तोमेश वर्मा को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। (Sukma DSP Tomesh Verma)



