Google Analytics —— Meta Pixel

शादी के दो साल बाद उजड़ा घर, पत्नी की हत्या के बाद पति ने की खुदकुशी

Murder Suicide in Bemetara: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां देवरबीजा पुलिस चौकी अंतर्गत सलधा मजगांव में एक शख्स ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान सालिक राम साहू और उसकी पत्नी सावित्री साहू के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उनके कोई बच्चे नहीं थे।

यह भी पढ़ें:- ठंडा भजिया बनी मौत की वजह: रायपुर में डेयरी कर्मचारी ने दोस्त की रॉड से पीट-पीटकर की हत्या

घटना बुधवार की तड़के सुबह करीब 3 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सालिक राम साहू ने पहले अपने घर में पत्नी सावित्री साहू का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत में गया और वहां नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटनास्थल पर आज भी दंपति की शादी का पंपलेट कमरे में लगा हुआ मिला, जो इस दुखद घटना को और भी भावुक बना देता है।

घरेलू विवाद की आशंका

ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की मां ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस की आवाजें उन्होंने सुनी थी। मृतक सालिक साहू तीन भाइयों में मझला था। परिवार में पहले ही बंटवारा हो चुका था। एक ओर बड़े भाई का परिवार रहता है, जबकि दूसरी ओर छोटे भाई के परिवार के साथ उसकी मां रहती थी। वहीं मृतिका सावित्री साहू का मायका कबीरधाम जिले के बिटकुली गांव में है। मायके पक्ष ने प्रारंभिक पूछताछ में सब कुछ सामान्य बताया है। (Murder Suicide in Bemetara)

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बेमेतरा एसडीओपी कौशल्या साहू, देवरबीजा चौकी प्रभारी रेशम लाल भास्कर, फॉरेंसिक प्रभारी भारती चंद्राकर समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देवरबीजा चौकी पुलिस ने घटनास्थल से सभी साक्ष्य सुरक्षित कर लिए हैं। जांच में प्रधान आरक्षक विजय साहू, आरक्षक राम गोपाल निषाद, गजन पटेल, सवित गोयल, रवि साहू सहित अन्य पुलिसकर्मी जुटे हुए हैं। एसडीओपी ने कहा कि मामला घरेलू विवाद का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!