सक्ती के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मचा हड़कंप, जनरल वार्ड में युवक ने खुद को जिंदा जलाया

Sakti Health Center Suicide: सक्ती जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के जनरल वार्ड में एक युवक ने खुद को आग लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय युवक जनरल वार्ड में मौजूद था। अचानक उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। कुछ ही मिनटों में युवक आग की लपटों में घिर गया। वार्ड में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ ने जब यह भयावह दृश्य देखा तो चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें:- शादी के दो साल बाद उजड़ा घर, पत्नी की हत्या के बाद पति ने की खुदकुशी
लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक युवक बुरी तरह झुलस चुका था। घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और जनरल वार्ड को खाली कराया। अस्पताल प्रशासन ने भी एहतियातन अन्य मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया। आग से झुलसने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और न ही आत्मदाह के कारणों का खुलासा हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। (Sakti Health Center Suicide)
घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक अस्पताल में किस उद्देश्य से आया था, उसने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया और उसके पास ज्वलनशील पदार्थ कहां से आया। साथ ही अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।



