Naxal Encounter : एनकाउंटर में ढेर हुआ 1.1 करोड़ का इनामी नक्सल कमांडर गणेश उइके
Odisha Naxal Encounter : ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात माओवादी कमांडर गणेश उइके को मुठभेड़ में मार गिराया। केंद्रीय समिति का सदस्य तथा ओडिशा में माओवादियों का शीर्ष नेता उइके ₹1.1 करोड़ के इनामी सूची में था। उसके साथ तीन अन्य नक्सली, जिनमें दो महिला माओवादी शामिल हैं, भी मारे गए।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार 2025–26 : नवाचार से सार्वजनिक सेवा को नई दिशा, श्रेष्ठ प्रशासनिक पहल को मिलेगा सम्मान
सूत्रों के अनुसार यह मुठभेड़ चकापाड़ थाना क्षेत्र के जंगलों में गुरुवार सुबह हुई। विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान छेड़ा था। पुलिस के मुताबिक सुरक्षा बलों को देख माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में चारों नक्सली ढेर हो गए। मारे गए अन्य नक्सलियों की पहचान की जा रही है। (Odisha Naxal Encounter)
69 वर्षीय उइके तेलंगाना के नालगोंडा जिले के पुललेमाला गांव का रहने वाला था। वह लंबे समय से ओडिशा व छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय था और संगठन के साउथ सब-जोनल का इंचार्ज माना जाता था। उसके खिलाफ कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे और सुरक्षा एजेंसियां वर्षों से उसकी तलाश में थीं।
नक्सलवाद मुक्त भारत की दिशा में बड़ा कदम : केंद्र
गृह मंत्रालय ने इस ऑपरेशन को नक्सल उन्मूलन मिशन की बड़ी उपलब्धि करार दिया है। मंत्रालय की ओर से कहा गया कि 31 मार्च 2026 तक देश को पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित है। केंद्रीय नेतृत्व ने इस अभियान में शामिल सुरक्षा बलों को बधाई दी और कहा कि ओडिशा अब नक्सलमुक्ति की दहलीज पर है। (Odisha Naxal Encounter)



