कोंडागांव में थप्पड़ का बदला लेने खूनी खेल, जंगल ले जाकर सिर धड़ से किया अलग

Murder in Kondagaon: कोंडागांव जिले के विश्रामपुरी थाना क्षेत्र में एक थप्पड़ के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बाड़ागांव गांव के लछिन्दर पांडे को थप्पड़ मारने की रंजिश में दो सगे भाइयों ने मौत के घाट उतार दिया। साथ ही सिर धड़ से अलग कर जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि विश्रामपुरी साप्ताहिक बाजार में मृतक लछिन्दर पांडे का श्यामलाल नेताम से विवाद हुआ था, इसी दौरान लछिन्दर ने श्यामलाल को एक थप्पड़ मार दिया था। इसी बात से नाराज होकर श्यामलाल ने अपने छोटे भाई रामू नेताम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। विवाद के बाद से लछिन्दर पांडे लापता था।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बढ़ा एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों का किराया, 5 से 25 रुपए तक बढ़ी टिकट दरें
जंगल में मिली थी सिर कटी लाश
पुलिस के मुताबिक 6 दिसंबर 2025 को विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के चनाभर्री गांव के जंगल में एक व्यक्ति का सिर कटा शव मिलने की सूचना थाने में दर्ज कराई गई थी। मृतक ने चेकदार फुलशर्ट पहनी हुई थी। जबकि सिर मौके से गायब था। घटनास्थल की बारीकी से जांच और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ के बाद शव के कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान बाड़ागांव गांव के लछिन्दर पांडे के रूप में हुई। सिर धड़ से अलग होने के कारण पुलिस को यह स्पष्ट हो गया कि यह एक निर्मम हत्या का मामला है। (Murder in Kondagaon)
बाइक से जंगल ले जाकर की हत्या
शक के आधार पर पुलिस ने श्यामलाल नेताम से पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 28 नवंबर 2025 को उसने अपने छोटे भाई रामू नेताम के साथ मिलकर लछिन्दर पांडे को बाइक में बैठाकर चनाभर्री के जंगल ले गया और वहां कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक का सिर धड़ से अलग कर कुरूभाठ तालाब के पास छिपा दिया। मुख्य आरोपी श्यामलाल की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का सिर और हत्या में प्रयुक्त टंगिया बरामद कर ली थी। घटना के बाद से फरार चल रहे दूसरे आरोपी रामू नेताम को पुलिस ने 24 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच विश्रामपुरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की। केशकाल एसडीओपी अरुण नेताम ने बताया कि मामूली विवाद के चलते यह वारदात की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में हत्या की वारदातों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। लोग छोटी-छोटी बात पर हत्या जैसे जघन्य अपराध को अंजाम दे रहे हैं। (Murder in Kondagaon)




