Google Analytics —— Meta Pixel

नए साल से पहले साजा में खूनी वारदात, तलवार से दो बच्चों के पिता की हत्या

Murder in Bemetara: साल 2025 के आखिरी दिन पूरा देश नए साल के स्वागत की तैयारियों में जुटा है। इसी बीच बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई, जहां जांता गांव में बाबा गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम के दौरान खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया, जब एक शख्स की तलवार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। साजा पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान नरेश डहरे के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि यह हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई। आरोपी मुस्कान ने नरेश पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर रूप से घायल नरेश को आनन-फानन में साजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें:- केन्द्रीय प्रसंस्करण इकाई जामगांव एम : ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार को नया बल

घटना के बाद से जांता गांव में तनाव का माहौल है। मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण साजा थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी मुस्कान की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसके खिलाफ पहले से भी अपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साजा थाना प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपनी टीम के साथ आरोपी मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार को भी जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है। (Murder in Bemetara)

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक के भाई ओम डहरे ने कहा कि मेरे भाई की बेरहमी से हत्या की गई है। अगर आरोपी को कड़ी सजा नहीं दी गई और उसे छोड़ दिया गया तो वह आगे भी कई लोगों की जान ले सकता है। आरोपी पहले भी अपराध कर चुका है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मृतक के बच्चों के लिए आर्थिक सहायता देने की भी मांग की। इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। मृतक नरेश डहरे अपने पीछे 2 साल का बेटा और सिर्फ 15 दिन की नवजात बेटी को छोड़ गया है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। (Murder in Bemetara)

जादू-टोना के शक में पीट-पीटकर हत्या 

वहीं पखांजूर में जादू-टोना के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में अंतागढ़ पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है। दरअसल, बड़ेजैतपुरी गांव के मस्सूराम उईके का शव 28 दिसंबर की सुबह उसके खेत के पास खून से लथपथ हालत में मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका गहराई। जांच में खुलासा हुआ कि गांव के ही कुछ लोगों ने जादू-टोना के शक में मस्सूराम के साथ हाथ-मुक्कों और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों की पहचान दीपक दुग्गा, अनिल उर्फ टुन्नू नेताम और विष्णु उर्फ फिरतु नेताम के रूप में हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!