Google Analytics —— Meta Pixel

नए साल में छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार का तोहफा, निजी क्षेत्रों के 840 पदों पर होगी भर्ती

Employment Camp in Manendragarh: नववर्ष 2026 की शुरुआत के साथ ही मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। जिले में MP के अनूपपुर की एस.आई.एस. इंडिया लिमिटेड की ओर से  विशाल रोजगार शिविर सह रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का उद्देश्य जिले समेत आसपास के क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को स्थायी और सुरक्षित रोजगार उपलब्ध कराना है। यह रोजगार शिविर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किए जाएंगे, जिससे ज्यादा से ज्यादा युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।

यह भी पढ़ें:- LPG Price Hike: LPG सिलेंडर ₹111 महंगा… 2026 के पहले दिन तगड़ा झटका

कंपनी की ओर से सुरक्षाकर्मी, सुरक्षा सुपरवाइजर, भर्ती अधिकारी और सुरक्षा अधिकारी जैसे कुल 840 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के बाद 65 साल की आयु तक स्थायी नौकरी प्रदान की जाएगी, जिसे कंपनी ने युवाओं के लिए लंबी अवधि का सुरक्षित करियर बताया है। रोजगार शिविरों का आयोजन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में किया जाएगा। अभ्यर्थी अपने नजदीकी थाना क्षेत्र में निर्धारित तिथि को उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। (Employment Camp in Manendragarh)

इन थाना क्षेत्रों में रोजगार शिविर का आयोजन

तिथि थाना क्षेत्र
02 जनवरी 2026 जनकपुर
03 जनवरी 2026 झागराखाड़
05 जनवरी 2026 खोगांपानी
06 जनवरी 2026 खड़गवां
07 जनवरी 2026 कोटाडोल
08 जनवरी 2026 कुंवारपुर
10 जनवरी 2026 मनेंद्रगढ़

कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले समेत पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए यह रोजगार शिविर एक सुनहरा अवसर है। चयन प्रक्रिया शारीरिक मापदंडों और लिखित परीक्षा के आधार पर की जाएगी। सिर्फ चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुल्क 350 रुपए खुद अपने मोबाइल से जमा करना होगा। चयनित उम्मीदवारों को छत्तीसगढ़ और भारत के अलग-अलग औद्योगिक संस्थानों, बैंकों, एटीएम, अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, शॉपिंग मॉल, होटल, मेट्रो, एयरपोर्ट, मध्य प्रदेश के प्रमुख ऐतिहासिक-सांस्कृतिक स्थलों जैसे लालकिला, कुतुबमीनार, ताजमहल, हुमायूं का मकबरा समेत अन्य स्मारकों में स्थायी नौकरी दी जाएगी।

वेतन और सुविधाएं

मासिक वेतन 18 हजार रुपए से 32 हजार रुपए तक रहेगा। वार्षिक वेतन वृद्धि 10 प्रतिशत प्रतिवर्ष की जाएगी। नौकरी के दौरान मेडिकल और इंश्योरेंस की सुविधाएं 30 लाख रुपए तक, पीएफ, बोनस, मेस, आवास की सुविधाएं और 2 बच्चों के लिए शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी। भर्ती के लिए आयु 19 साल से 40 साल, वजन 56 किलो से 90 किलो तक और ऊंचाई 167.5 सेमी से 170 सेमी तक निर्धारित है। शैक्षणिक योग्यता के अंतर्गत 10वीं, 12वीं, स्नातक, एनसीसी, डिप्लोमा और शारीरिक रूप से स्वस्थ उम्मीदवार इस रोजगार शिविर में शामिल होकर रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए मोबाइल नंबर +91- 07634839931 और +91-6266995776 पर संपर्क किया जा सकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!