कवर्धा में बनेगा भोरमदेव कॉरिडोर, आज केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे भूमिपूजन

Bhoramdev Corridor in Kawardha: छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थल भोरमदेव के लिए नया साल 2026 एक ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ शुरू होने जा रहा है। करीब 146 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली भोरमदेव कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमिपूजन 01 जनवरी यानी आज संपन्न होगा। यह महत्वाकांक्षी परियोजना भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। यह अब तक की छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी केंद्रीय पर्यटन परियोजना मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें:- नए साल में छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार का तोहफा, निजी क्षेत्रों के 840 पदों पर होगी भर्ती
इस परियोजना का भूमिपूजन 01 जनवरी को केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, डिप्टी CM विजय शर्मा और अरुण साव, पर्यटन और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा समेत विधायक, निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। (Bhoramdev Corridor in Kawardha)

छत्तीसगढ़ के खजुराहो के नाम से प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर अपनी प्राचीन स्थापत्य कला और धार्मिक आस्था के लिए देश-विदेश में विख्यात है। इस कॉरिडोर के विकास से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को नई गति मिलेगी। हाल ही में मंदिर का केमिकल संरक्षण कार्य भी पूरा किया गया है, जिससे इस धरोहर की दीर्घकालीन सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। (Bhoramdev Corridor in Kawardha)
इन सुविधाओं का होगा विकास
परियोजना के अंतर्गत मुख्य मंदिर परिसर, तालाब क्षेत्र, मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुआ मंदिर, शिव प्लाजा, मेला ग्राउंड और सरोधा डैम में प्रवेश द्वार, प्लाजा, संग्रहालय, मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, पार्क, ब्रिज, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, बोटिंग समेत वाटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इस परियोजना से पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। भोरमदेव कॉरिडोर का भूमिपूजन छत्तीसगढ़ के पर्यटन इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा।



