Google Analytics —— Meta Pixel

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना गर्व की बात: CM साय

Khelo India Tribal Games: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम, रोजगार, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के सफल आयोजन से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खेलों को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों के लिए PM मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना समूचे राज्य के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

यह भी पढ़ें:- अवैध धान परिवहन और भंडारण पर प्रशासन सख्त, ट्रक, ट्रैक्टर, माजदा और हजारों क्विंटल धान जब्त

उन्होंने कहा कि यह अवसर राज्य की समृद्ध जनजातीय परंपराओं और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा। चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने अवगत कराया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी समेत कुल 07 मुख्य खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, वहीं 2 खेल डेमो स्वरूप प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रस्तावित आयोजन के अनुसार सरगुजा संभाग में कुश्ती, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग, रायपुर में हॉकी, फुटबॉल, तैराकी और बिलासपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 का उद्घाटन समारोह 14 फरवरी 2026 को रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री मांडविया को उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं में खेल प्रतिभा प्रचुर मात्रा में है और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में इस प्रकार के आयोजन खेलों के प्रति नए उत्साह और अवसर पैदा करेंगे। उन्होंने आयोजन की सभी तैयारियों में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। (Khelo India Tribal Games)

मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स से आदिवासी अंचलों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ खेल महाशक्ति के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर परमनसुख मांडविया को ईएसआईसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने राज्य में खेलों के आधारभूत ढांचे के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण अवसरों के विस्तार और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में खेल मंत्रालय के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने देश में कार्यान्वित ऐतिहासिक लेबर कोड के लिए भी केंद्रीय मंत्री को बधाई देते हुए कहा कि इससे श्रमिक हितों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा कवरेज और श्रम क्षेत्र में पारदर्शिता और सरलता को नई दिशा मिली है।

Back to top button
error: Content is protected !!