अवैध धान परिवहन और भंडारण पर प्रशासन सख्त, ट्रक, ट्रैक्टर, माजदा और हजारों क्विंटल धान जब्त

Chhattisgarh Illegal Paddy Seized: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में अवैध धान परिवहन, भंडारण और अनियमित खरीदी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। राजस्व, खाद्य और दूसरे विभागों की संयुक्त टीमों ने सीमावर्ती क्षेत्रों, चेक पोस्टों, खरीदी केंद्रों समेत राइस मिलों में बड़ी कार्रवाई की है। राजनांदगांव में 1 जनवरी की रात महाराष्ट्र सीमा से लगे क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग की टीम ने दो ट्रकों को अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए पकड़ा। एक वाहन में 315 कट्टा और दूसरे वाहन में 300 कट्टा धान लोड पाया गया।
यह भी पढ़ें:- गरियाबंद में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, वन्यजीव का कच्चा-पका मांस और हथियार जब्त
वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर कुल 615 कट्टा धान समेत दोनों वाहन जब्त कर लिया गया है। वहीं अंबिकापुर में कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर खाद्य और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कपाटबहरी गांव में कार्रवाई करते हुए करीब 24 क्विंटल (600 बोरा) धान अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर जब्त किया। धान विशुनपुर क्षेत्र के किसान इमरान इराकी का पाया गया, जिसे कपाटबहरी गांव के प्रफुल एक्का के घर में भंडारित किया गया था। मामले की जांच जारी है। (Chhattisgarh Illegal Paddy Seized)
बलरामपुर में 14 हजार क्विंटल से ज्यादा धान जब्त
वहीं बलरामपुर में जिले की सभी अंतरराज्यीय सीमाओं और चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी की जा रही है। अब तक 115 प्रकरणों में 14,106.49 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान 62 चारपहिया और 10 दोपहिया समेत कुल 72 वाहन जब्त किए गए हैं। रात्रिकालीन गश्त और मंडी अधिनियम के तहत सतत कार्रवाई जारी है। (Chhattisgarh Illegal Paddy Seized)
कोरिया में सैकड़ों बोरी धान जब्त
कोरिया जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण और खरीदी में अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। रनई गांव में एक वाहन को अवैध धान परिवहन करते हुए पकड़ा गया। धान खरीदी केंद्र जामपारा में 384 बोरी (लगभग 160 क्विंटल) धान, दो ट्रैक्टर और एक माजदा 407 वाहन जब्त किए गए। इसके अलावा शिवम एग्रो और मोहित राइस मिल में भौतिक सत्यापन के दौरान पिछले साल के सैकड़ों क्विंटल धान की कमी पाई गई। सोनहत समिति में 25 बोरी अमानक धान को रिजेक्ट कर जब्त किया गया।



