गरियाबंद में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, वन्यजीव का कच्चा-पका मांस और हथियार जब्त

Forest Department Action: छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों के अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस बीच गरियाबंद वनमंडल के परिक्षेत्र परसुली अंतर्गत कोपेकसा गांव में 1 जनवरी को वन विभाग ने बड़ी छापामार कार्रवाई की। सूचना के आधार पर सर्च वारंट के तहत सहायक वन संरक्षक नदीम कृष्णा बरिहा, आर.के. साहू और शिव प्रसाद ध्रुव की संयुक्त टीम ने ग्रामीण नंदू ध्रुव के निवास पर दबिश दी।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ का लोकपर्व छेरछेरा आज, CM विष्णुदेव साय और राज्यपाल रमेन डेका ने दी बधाई
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से वन्यजीव का भारी मात्रा में कच्चा और पका हुआ मांस बरामद किया गया। इसके साथ ही एक लाइसेंसी भरमार बंदूक, एक एयर गन और अन्य हथियार भी जब्त किए गए। वन विभाग ने बरामद मांस के नमूने पहचान के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दरअसल, वन मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। (Forest Department Action)

शिकार के फंदे और जाल जब्त
वहीं छत्तीसगढ़ के अलग-अलग वनमंडलों में एंटी स्नेयर वॉक अभियान तेज कर दिया गया है। इस बीच कोरिया वनमंडल के पटना सर्किल अंतर्गत कटकोना, टेमरी और अंगा बीट के कक्षों में 29 दिसंबर को एंटी स्नेयर वॉक अभियान चलाया गया। वहीं 30 दिसंबर को तमोर पिंगला अभ्यारण्य के बोंगा खास बीट क्षेत्र में भी गश्त की गई। इस दौरान वन्यजीवों के शिकार के लिए लगाए गए कई फंदे, जाल और तार बरामद कर जब्त किए गए, जिससे संभावित बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सका।

इसके अलावा धरमजयगढ़ वनमंडल में गश्त के दौरान शिकारियों के उपयोग किए जाने वाले सेटरिंग वायर, जाल और लकड़ी की खूंटियां बरामद की गई। सभी सामग्रियों को जब्त कर अज्ञात शिकारियों की तलाश की जा रही है। वन विभाग ने बताया कि हाल के महीनों में शिकार और विद्युत करंट से वन्यप्राणियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अब हर महीने पेट्रोलिंग की जाएगी। इस दौरान डॉग स्क्वाड की सहायता से भी निगरानी की जा रही है। (Forest Department Action)




