Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर बारसे देवा ने किया सरेंडर, 48 नक्सलियों के साथ डाले हथियार

Naxalite Leader Deva Surrender: छत्तीसगढ़ के मोस्ट वांटेड नक्सली और नक्सली संगठन के स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर (SZCM) बारसे देवा ने अपने 48 साथियों के साथ हैदराबाद में आत्मसमर्पण कर दिया है। जानकारी के मुताबिक बारसे देवा अपने साथियों के साथ तेलंगाना के मुलुगु जिले पहुंचा था, जहां से पुलिस ने उसे सुरक्षित हैदराबाद लाया। आत्मसमर्पण के दौरान उसके पास से एलएमजी यानी लाइट मशीन गन समेत हथियार भी बरामद किए गए हैं।

कौन है बारसे देवा ?

बारसे देवा उर्फ साईनाथ, हेमला देवल, देवलू और देवन्ना छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पूवर्ती गांव का रहने वाला है। उसने 2000 में नक्सल आंदोलन में प्रवेश किया और 2003 तक दंडकारण्य क्षेत्र में सक्रिय हो गया। देवा नक्सलियों की सबसे खतरनाक इकाई मानी जाने वाली पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) की बटालियन नंबर-1 का कमांडर रहा है। वह नक्सली लीडर माड़वी हिड़मा का राइट हैंड माना जाता था और लंबे समय तक नक्सलियों के अभियानों की कमान संभालता रहा।

यह भी पढ़ें:- छेरछेरा तिहार: सामाजिक समरसता और लोक संस्कृति का जीवंत उत्सव

हिड़मा की मौत के बाद कमजोर पड़ा देवा

नवंबर 2025 में माड़वी हिड़मा के मारे जाने के बाद देवा बारसे ने नक्सल संगठन की सैन्य गतिविधियों की कमान संभाली थी, लेकिन लगातार दबाव और फोर्स की कार्रवाई से वह कमजोर पड़ गया। वह पिछले एक महीने से लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और आखिरकार सरेंडर का फैसला लिया। बारसे देवा कई बड़े नक्सली हमलों में शामिल रहा है, जिनमें झीरम घाटी नरसंहार-2013, सुकमा-बीजापुर हमला-2021, सुरक्षाबलों को निशाना बनाने वाले कई IED विस्फोट शामिल हैं। उसके सिर पर 25 से 50 लाख रुपए तक का इनाम घोषित था।

सुकमा-बीजापुर में 14 नक्सली ढेर

इधर, छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। शनिवार सुबह सुकमा और बीजापुर में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 14 नक्सलियों को मार गिराया। सुकमा के किस्टाराम इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी की टीम ऑपरेशन पर निकली थी। सुबह करीब 8 बजे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू की, जवाबी कार्रवाई में 12 नक्सली मारे गए। सभी के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। वहीं बीजापुर में डीआरजी की टीम पर शनिवार तड़के नक्सलियों ने हमला किया। सुबह करीब 5 बजे से रुक-रुककर मुठभेड़ होती रही। अब तक 2 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों में एक 5 लाख और दूसरा 8 लाख का इनामी एरिया कमेटी मेंबर था।

8 दिन पहले 1 करोड़ का इनामी गणेश हुआ था ढेर

इससे पहले 25 दिसंबर को ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 6 नक्सलियों को मार गिराया था। इसमें 1 करोड़ से ज्यादा का इनामी सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) गणेश उईके भी शामिल था। मारे गए नक्सलियों में दो महिला नक्सली भी थी। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक बस्तर संभाग में अब सिर्फ 200 से 300 नक्सली ही बचे हैं, जो छोटे-छोटे टुकड़ों में जंगलों में छिपे हुए हैं। महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ (MMC) जोन पूरी तरह खत्म हो चुका है। उत्तर बस्तर और माड़ डिवीजन से भी नक्सलियों का लगभग सफाया हो गया है। (Naxalite Leader Deva Surrender )

नक्सल संगठन के अंत की ओर बस्तर

अब फोर्स के सामने अगले 90 दिनों में दक्षिण बस्तर डिवीजन को नक्सल मुक्त करना सबसे बड़ी चुनौती है। जानकारी के मुताबिक पापाराव दक्षिण बस्तर के जंगलों में छिपा हुआ है, जबकि मिशिर बेसरा झारखंड में मौजूद है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि अगर आने वाले 90 दिनों में 5-6 बड़े नक्सली या तो मारे जाते हैं या सरेंडर करते हैं तो बस्तर में नक्सल संगठन की कमर पूरी तरह टूट जाएगी। बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य रखा है।

Back to top button
error: Content is protected !!