पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल 170 दिन बाद जेल से बाहर, पोते के जन्मदिन पर हुई रिहाई

Chaitanya Released From Jail: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को बिलासपुर हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद रिहा कर दिया गया है। चैतन्य करीब 170 दिन बाद रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा हुए। इस दौरान जेल से उनके घर तक जाने वाले रास्ते पर समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। जेल से रिहाई के बाद चैतन्य बघेल ने कहा कि न्यायालय का बहुत-बहुत धन्यवाद। आप सभी का भी शुक्रिया। मामला कोर्ट में है, इसलिए इस पर कुछ बोलना उचित नहीं है। यह न्यायिक समीक्षा के अधीन है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर बारसे देवा ने किया सरेंडर, 48 नक्सलियों के साथ डाले हथियार
चैतन्य की रिहाई से पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि चैतन्य को 18 जुलाई को उनके जन्मदिन के दिन गिरफ्तार किया गया था और आज उनके पोते और चैतन्य के बेटे के जन्मदिन पर उनकी रिहाई हो रही है। रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर भूपेश बघेल खुद कार चलाकर बेटे को रिसीव करने पहुंचे। बेटे को जमानत मिलने पर उन्होंने कहा कि सत्य की जीत हुई है। सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं हो सकता। इस मौके पर समर्थकों ने पटाखे फोड़कर और नारेबाजी कर खुशी जाहिर की। (Chaitanya Released From Jail)

ED और ACB/EOW के मामलों में मिली जमानत
चैतन्य बघेल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) और छत्तीसगढ़ एंटी-करप्शन ब्यूरो/आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ACB/EOW) की ओर से दर्ज मामलों में जमानत मिली है। ED ने उन्हें जुलाई 2025 में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत गिरफ्तार किया था। इसके बाद सितंबर 2025 में भ्रष्टाचार के एक अन्य मामले में ACB/EOW ने भी उन्हें गिरफ्तार किया, उस समय वे पहले से ही जेल में बंद थे। जांच एजेंसियों के मुताबिक यह शराब घोटाला 2019 से 2022 के बीच हुआ, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा। ED का आरोप है कि चैतन्य बघेल शराब सिंडिकेट के प्रमुख संरक्षक थे और उन्होंने व्यक्तिगत रूप से करीब 1,000 करोड़ रुपए के लेन-देन को संभाला। वहीं ACB का दावा है कि चैतन्य को हिस्से के तौर पर 200 से 250 करोड़ रुपए मिले और पूरे घोटाले की राशि 3,200 करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकती है।

बिलासपुर हाईकोर्ट की टिप्पणी
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि जमानत नियम है और जेल अपवाद। कोर्ट ने माना कि चैतन्य बघेल के खिलाफ कोई प्रत्यक्ष या ठोस साक्ष्य रिकॉर्ड पर नहीं है, जबकि जांच लगभग पूरी हो चुकी है। कोर्ट ने यह भी कहा कि मामले में 51 आरोपी और 1110 गवाह हैं, जिससे ट्रायल के लंबे समय तक चलने की संभावना है और ऐसी स्थिति में आरोपी को लगातार हिरासत में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्रदत्त व्यक्तिगत स्वतंत्रता का उल्लंघन होगा। साथ ही कोर्ट ने यह तथ्य महत्वपूर्ण माना कि मूल FIR में चैतन्य बघेल का नाम नहीं था और मामले के अन्य प्रमुख आरोपी पहले से जमानत पर हैं। इन सभी पहलुओं, समानता के सिद्धांत, सबूतों की कमी और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को ध्यान में रखते हुए हाईकोर्ट ने चैतन्य बघेल को सशर्त नियमित जमानत प्रदान की।
जबरन सबूत गढ़े गए: चैतन्य के वकील
चैतन्य बघेल के वकील फैजल रिजवी ने कहा कि उनके मुवक्किल की गिरफ्तारी जबरन सबूत बनाकर की गई। उन्होंने बताया कि EOW केस में 2 लाख रुपए और ED केस में 1 लाख रुपए के मुचलके पर जमानत मिली है। वकील के मुताबिक चैतन्य बघेल की संलिप्तता या घोटाले से व्यक्तिगत लाभ का कोई ठोस प्रमाण नहीं है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने जमानत मंजूर की। वहीं चैतन्य बघेल की रिहाई और भूपेश बघेल के बयान पर भाजपा नेता नरेश गुप्ता ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जमानत को जीत मानना भूपेश बघेल का बचपना है। अभी ट्रायल बाकी है। भूपेश बघेल और उनकी टीम ने जो लूट मचाई है, उसका हिसाब देना पड़ेगा। (Chaitanya Released From Jail)
चैतन्य की गिरफ्तारी से रिहाई तक की टाइमलाइन
- 18 जुलाई 2025 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया।
- 18 जुलाई 2025 को गिरफ्तारी के बाद ED ने हिरासत में लिया।
- 22 जुलाई 2025 को 14 दिन की न्यायिक रिमांड मिली।
- 4 अगस्त 2025 को रिमांड 14 दिन और बढ़ी।
- 4 अगस्त 2025 को ED ने 1,000 करोड़ से ज्यादा के अपराधी धन के लेन-देन का आरोप लगाया।
- अगस्त 2025 में तीसरी बार 14 दिन की रिमांड बढ़ी।
- 15 सितंबर 2025 को ED ने 7,000 पेज की चार्जशीट दाखिल की।
- 24 सितंबर 2025 को हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत खारिज की।
- 28 अक्टूबर 2025 को विशेष कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज की।
- 6 अक्टूबर 2025 को EOW कोर्ट ने 13 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड दी।
- 15 अक्टूबर 2025 को न्यायिक हिरासत 29 अक्टूबर तक बढ़ी।
- 02 जनवरी 2026 को हाईकोर्ट से जमानत मिली।
- 03 जनवरी 2026 को रायपुर सेंट्रल जेल से रिहाई हुई।
चैतन्य बघेल की रिहाई को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। एक ओर कांग्रेस इसे न्याय की जीत बता रही है तो वहीं भाजपा इसे केवल कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा मानते हुए आगे कड़ी कार्रवाई की बात कह रही है। (Chaitanya Released From Jail)



