नारायणपुर में 11 साल की नाबालिग से रेप, फिर कुल्हाड़ी से हत्या

Rape Murder in Narayanpur: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां सोनपुर थाना क्षेत्र में 11 साल की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बच्ची का शव गांव के ही खेत में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता नारायणपुर जिले के एक गांव की रहने वाली थी। 31 दिसंबर की शाम वह अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
यह भी पढ़ें:- CG Dhan Kharidi : किसानों के नाम पर लूट! जशपुर में करोड़ों का धान घोटाला, 6 अधिकारियों पर FIR
लगातार चार दिनों तक खोजबीन के बाद 4 जनवरी को गांव के ही एक खेत में बच्ची का शव पड़ा मिला, जिसकी सूचना ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही सोनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की हालत बहुत दर्दनाक थी। बच्ची के कपड़े फटे हुए थे। शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या और दुष्कर्म की धाराओं में जांच तेज कर दी। (Rape Murder in Narayanpur)

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्ची का संपर्क गांव के ही रहने वाले संजू कुमेटी (22 साल) से था। आरोपी अक्सर बच्ची के घर सल्फी खरीदने जाता था। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि नाबालिग को आखिरी बार आरोपी के साथ देखा गया था। शक के आधार पर पुलिस ने 5 जनवरी को संजू कुमेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने बच्ची को खेत में ले जाकर पहले दुष्कर्म किया। इसके बाद बच्ची के किसी को घटना बताने के डर से वहीं रखी कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी।
बच्चों के खिलाफ अपराधों में बढ़ोतरी
हत्या के बाद आरोपी ने शव को खेत में ही फेंक दिया और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की संबंधित धाराओं और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट के मुताबिक देश में बच्चों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। NCRB के आंकड़ों के मुताबिक हर साल डेढ़ लाख से ज्यादा मामले बच्चों के खिलाफ अपराधों के दर्ज होते हैं। इनमें से बड़ी संख्या यौन अपराध (POCSO एक्ट) से संबंधित होती है। (Rape Murder in Narayanpur)
पूरे देश के लिए गंभीर चेतावनी
रिपोर्ट बताती है कि अधिकांश मामलों में आरोपी पीड़ित का परिचित होता है, जैसे पड़ोसी, जानकार या रिश्तेदार। बच्चों के खिलाफ दर्ज मामलों में दुष्कर्म और हत्या जैसे जघन्य अपराधों में भी बढ़ोतरी देखी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सतर्कता, पारिवारिक जागरूकता और सख्त कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की जरूरत को उजागर करती हैं। नारायणपुर की यह घटना न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गंभीर चेतावनी है। एक मासूम बच्ची के साथ हुई यह बर्बरता समाज, कानून व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र पर बड़े सवाल खड़े करती है। अगर बच्चों की सुरक्षा को लेकर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो NCRB के आंकड़े और भी भयावह रूप ले सकते हैं।



