Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में मटर तोड़ने पर इंसानियत शर्मसार, किसान ने दो मासूम स्कूली बच्चों को रस्सी से बांधकर पीटा

Children Beaten in Balrampur: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां मटर तोड़ने से नाराज एक किसान ने दो स्कूली बच्चों को पकड़कर रस्सी से बांध दिया और बेरहमी से पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए आरोपी किसान को हिरासत में ले लिया है। घटना राजपुर थाना क्षेत्र के लडुवा गांव की है, जहां कृष्ण नाथ टोप्पो का 7 साल का बेटा अपने एक दोस्त के साथ स्कूल जाने के लिए निकला था। रास्ते में खेत में लगे मटर देखकर दोनों बच्चे उन्हें तोड़कर खाने लगे। इसी दौरान खेत मालिक और किसान कपिल पैकरा ने बच्चों को देख लिया।

यह भी पढ़ें:- नारायणपुर में 11 साल की नाबालिग से रेप, फिर कुल्हाड़ी से हत्या

कपिल ने बच्चों को आवाज लगाई, लेकिन डर के कारण दोनों बच्चे भागने लगे। इसके बाद आरोपी ने दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया। गुस्से में आकर उसने बच्चों को रस्सी से बांध दिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान बच्चे रोते हुए उसे छोड़ देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी ने उनकी एक नहीं सुनी। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बच्चों को छुड़वाया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पिटाई का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मारपीट से डरे-सहमे बच्चों की हालत खराब हो गई, एक बच्चे को रात में तेज बुखार भी आ गया।

बताया जा रहा है कि बच्चों ने शुरुआत में इस घटना की जानकारी परिजनों को नहीं दी। वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों को पूरे मामले का पता चला। आरोप है कि कपिल पैकरा ने कृष्ण नाथ टोप्पो को धमकी दी कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। धमकी के डर से पिता ने तत्काल शिकायत दर्ज नहीं कराई। ग्रामीणों के दबाव और समझाइश के बाद कृष्ण नाथ टोप्पो मंगलवार को राजपुर थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कपिल पैकरा के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। वहीं पीड़ित बच्चे का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। (Children Beaten in Balrampur)

पुराना विवाद भी आया सामने

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी किसान और बच्चे के पिता के बीच पहले से आपसी विवाद चल रहा था। वहीं दूसरा बच्चा जिसकी पिटाई की गई, वो आरोपी के ही परिवार से संबंधित बताया जा रहा है। हालांकि दूसरे बच्चे के परिजनों ने अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है। इस घटना ने समाज में बच्चों की सुरक्षा और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई ने कानून की सख्ती तो दिखाई है, लेकिन मासूमों पर हुई हिंसा ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Back to top button
error: Content is protected !!