नार्मल डिलीवरी के बाद नहीं रुकी ब्लीडिंग, रेफर के दौरान प्रसूता की मौत, नवजात ICU में भर्ती

Women Death After Delivery: सूरजपुर जिला अस्पताल में नार्मल डिलीवरी के बाद एक 22 साल की प्रसूता की हालत बिगड़ गई। बहुत ज्यादा ब्लीडिंग होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन अंबिकापुर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं नवजात को मेडिकल कॉलेज के NICU में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक कोट पटना की रहने वाली जगमनिया सिंह को प्रसव पीड़ा होने पर सोमवार को सूरजपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार रात डॉक्टर्स ने उसकी नार्मल डिलीवरी कराई, जिसमें उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में मटर तोड़ने पर इंसानियत शर्मसार, किसान ने दो मासूम स्कूली बच्चों को रस्सी से बांधकर पीटा
डिलीवरी के कुछ समय बाद जगमनिया की ब्लीडिंग नहीं रुकी, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होते देख डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मंगलवार सुबह जगमनिया को एंबुलेंस से अंबिकापुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं नवजात को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के NICU में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। (Women Death After Delivery)

परिजनों ने बताया कि यह जगमनिया का दूसरा प्रसव था। इससे पहले भी उसकी नार्मल डिलीवरी हुई थी, जिसमें उसने एक बेटी को जन्म दिया था। इस बार भी प्रसव सामान्य रहा, लेकिन बहुत ज्यादा ब्लीडिंग के चलते उसकी जान चली गई। जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले में पिछले डेढ़ महीने के भीतर प्रसव के दौरान मौत का यह चौथा मामला है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि परिजनों ने इस मामले में अस्पताल प्रबंधन पर किसी भी तरह का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस दर्दनाक घटना से परिवार में नवजात के आने की खुशी पलभर में मातम में बदल गई। (Women Death After Delivery)



