Google Analytics —— Meta Pixel

कार में बैठकर चला रहे थे ऑनलाइन सट्टा, रायपुर पुलिस ने 50.35 लाख कैश के साथ 4 आरोपी दबोचे

Raipur Online Betting: राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 लाख 35 हजार रुपए नगद समेत करीब 80 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों में जमा करोड़ों रुपए की राशि को होल्ड करा दिया गया है।

यह भी पढ़ें:- अचानकमार टाइगर रिजर्व में फायरिंग पर भड़के विधायक धर्मजीत सिंह, वन विभाग को दी कड़ी चेतावनी

पुलिस को 8 जनवरी को सूचना मिली थी कि सिंधु भवन पार्किंग के पास एक कार में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारपहिया वाहन में सवार चार युवकों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खम्हारडीह के रितेश गोविंदानी (32), मौदहापारा के मोहम्मद अख्तर (32), डीडी नगर के विक्रम राजकोरी (32) और पुरानी बस्ती के सागर पिंजानी (30) के रूप में हुई है।

मास्टर ID से चल रहा था पूरा नेटवर्क

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अलग-अलग ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट्स की मास्टर ID के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे और कमीशन के आधार पर अन्य लोगों को यूजर ID बेचते थे। आरोपियों के पास Allpanelexch.com, Power7777.com, Powerexch.com और Classicexch99.com जैसी वेबसाइट्स की मास्टर ID पाई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50.35 लाख रुपए नकद, लैपटॉप, मोबाइल फोन, हुंडई टक्सन कार, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेक बुक और कैलकुलेटर जब्त किए हैं।

 

SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि रायपुर IG अमरेश मिश्रा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में छत्तीसगढ़ जुआ निषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, BNS की धारा 112(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(C) के तहत केस दर्ज किया गया है। SSP ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। आरोपियों के बैंक खातों में जमा करोड़ों रुपए को होल्ड कराया गया है। अब सट्टा खेलने वाले ग्राहकों और ID खरीदने वालों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। (Raipur Online Betting)

राजनांदगांव में भी सट्टेबाजों पर कार्रवाई

इधर, राजनांदगांव पुलिस की ओर से जुआ, सट्टा, अवैध शराब और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस को भी बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कमला कॉलेज के पास ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चार अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और करीब 10 हजार रुपए नगद जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मोबाइल और लैपटॉप के जरिए ऑनलाइन सट्टे का कारोबार कर रहे थे। बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू ने कहा कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दबिश दी गई थी। दोनों आरोपी सट्टा खिलाते पाए गए। जुआ-सट्टा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!