RTO से जुड़े फर्जी मैसेज से साइबर ठगी, मैसेज खोलते ही मोबाइल हैक, अकाउंट से 5 लाख 76 हजार पार

Cyber Fraud in Bilaspur: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां फर्जी ट्रैफिक चालान से जुड़ा मैसेज खोलते ही मोबाइल हैक हो गया और देखते ही देखते बैंक खाते से लाखों रुपए साफ हो गए। पीड़िता ने तत्काल साइबर टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला सकरी थाना क्षेत्र का है, जहां के एमजी होम्स के मकान नंबर सी-2 में रहने वाले रिटायर्ड उपसंचालक अभियोजन गया प्रसाद मालवीय ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी सुषमा मालवीय का एचडीएफसी बैंक के मंगला चौक शाखा में सेविंग अकाउंट है।
यह भी पढ़ें:- कार में बैठकर चला रहे थे ऑनलाइन सट्टा, रायपुर पुलिस ने 50.35 लाख कैश के साथ 4 आरोपी दबोचे
रिटायर्ड ने बताया कि 26 दिसंबर 2025 को सुषमा मालवीय के मोबाइल पर ट्रैफिक चालान से संबंधित एक मैसेज आया। जैसे ही उन्होंने उस मैसेज को खोला, वैसे ही मोबाइल हैक हो गया। कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से 5 लाख 76 हजार रुपए निकलने की जानकारी सामने आई। ठगी का एहसास होते ही पीड़िता ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। मामले की जानकारी मिलते ही सकरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और साइबर टीम के साथ मिलकर जांच की जा रही है। इस मामले पर एएसपी बिलासपुर रश्मित कौर चावला ने कहा कि लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध के मामलों को देखते हुए आम नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए मैसेज, कॉल या लिंक पर बिना जांच-पड़ताल के क्लिक न करें। साइबर ठग इसी तरह फर्जी लिंक और मैसेज के जरिए मोबाइल हैक कर बैंक खातों से रकम निकाल लेते हैं। बिलासपुर पुलिस ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपना ओटीपी, बैंक डिटेल्स या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करे, चाहे कॉल करने वाला खुद को बैंक कर्मचारी, पुलिस या किसी अन्य विभाग का अधिकारी ही क्यों न बताए। पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तुरंत साइबर टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
RTO से जुड़े धोखाधड़ी से बचाव के उपाय
- किसी भी ट्रैफिक चालान या RTO नोटिस को केवल RTO की आधिकारिक वेबसाइट या सरकारी मोबाइल एप पर ही जांचें।
- SMS या ईमेल में आए लिंक पर क्लिक करके कभी भुगतान न करें। अनजान नंबर और फर्जी मैसेज पर भरोसा न करें
- अगर मोबाइल पर ट्रैफिक चालान या जुर्माना नोटिस का मैसेज आया है तो किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
- कभी भी अज्ञात नंबर से आए कॉल पर अपने बैंक डिटेल्स या OTP न दें।
- संपर्क RTO के आधिकारिक नंबर से करें। किसी भी संदेह होने पर अपने नजदीकी RTO कार्यालय या उसकी आधिकारिक हेल्पलाइन से सीधे संपर्क करें।
- बैंक और मोबाइल अलर्ट चालू रखें। खाते में हर लेन-देन के लिए नोटिफिकेशन चालू रखें। अगर कोई संदिग्ध रकम कटती है तो तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
- OTP और पासवर्ड कभी साझा न करें। RTO या बैंक का कोई भी अधिकारी कभी भी कॉल करके OTP या पासवर्ड नहीं मांगेगा। अगर मांगे तो उसे फर्जी मानें।
- साइबर जागरूकता बनाए रखें। अपने परिवार और मित्रों को भी फर्जी ट्रैफिक चालान मैसेज और RTO से जुड़े धोखाधड़ी के बारे में जानकारी दें।



