शर्मसार मानवता! अस्पताल की एक ‘ना’ ने छीन ली नवजात की सांसें, मजबूर पिता ने सड़क किनारे खोदी बच्ची की कब्र
सीहोर। किसी भी माता-पिता के लिए संतान का जन्म सबसे बड़ा सुख होता है, लेकिन मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से सामने आया यह मामला पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर देता है। यहां एक नवजात बच्ची को पर्याप्त इलाज नहीं मिलने के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी। इसके बाद हालात इतने अमानवीय हो गए कि मजबूर पिता ने सड़क किनारे अपनी नवजात बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया।
यह भी पढ़े :- बंदूक नहीं, संवाद और विकास ही स्थायी समाधान: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने प्रदर्शन भी किया।
अस्पताल में भर्ती, फिर इलाज पर सवाल
जानकारी के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को गर्भवती महिला ममता जाट को शाम करीब 4:30 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके तीन दिन बाद, 2 जनवरी 2026 की रात 2:22 बजे, उन्होंने एक प्री-मेच्योर नवजात बच्ची को जन्म दिया। बच्ची का वजन मात्र 900 ग्राम था।
जन्म के बाद बच्ची की हालत नाजुक थी, जिसे जिला अस्पताल के SNSU (स्पेशल न्यूबॉर्न स्टेबलाइजेशन यूनिट) में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान 5 जनवरी की दोपहर करीब 3:30 बजे नवजात की मौत हो गई।
इलाज में लापरवाही का आरोप
अस्पताल प्रशासन ने बच्ची का शव लेने के लिए परिजनों को बुलाया, लेकिन पिता संतोष जाट ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि बच्ची को समय पर और पर्याप्त इलाज नहीं दिया गया।
स्टाफ को कारण बताओ नोटिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित चिकित्सकों और स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
वहीं प्रबंधन का दावा है कि परिजनों ने प्रदर्शन से पहले सिविल सर्जन, RMO या किसी वरिष्ठ चिकित्सक को सूचना नहीं दी। एक महिला डॉक्टर ने बयान दिया कि प्रसूता की जांच की गई थी और प्रसव प्रशिक्षित नर्सिंग ऑफिसर द्वारा कराया गया।
जब सिस्टम ने साथ छोड़ा, तो सड़क बनी श्मशान
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जब संतोष जाट से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें जिला अस्पताल के सामने चल रहे धरने से हटा दिया गया। इसके बाद मजबूर होकर उन्होंने सीहोर-भेंरूदा-इछावर मार्ग पर सड़क किनारे अपनी नवजात बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया।
यह घटना सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलता की भयावह तस्वीर है। सवाल यह है—
अगर एक नवजात को इलाज और उसके पिता को इंसाफ नहीं मिल सका, तो आम आदमी किससे उम्मीद करे?



