IND–NZ T20 : चौके-छक्कों के लिए रायपुर तैयार, 23 जनवरी को भारत-न्यूज़ीलैंड टी-20 मुकाबला
इस बार दर्शकों के लिए स्टेडियम में दिखेंगे कई खास बदलाव
IND–NZ T20 : राजधानी रायपुर 23 जनवरी को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रोमांच का गवाह बनने जा रही है। भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित टी-20 (IND–NZ T20) मुकाबले को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को पूरी तरह सजाया-संवारा जा रहा है और युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं।
यह भी पढ़े :- धान पर कांग्रेस का झूठ बेनकाब: एक-एक दाना खरीदेगी सरकार – उप मुख्यमंत्री अरुण साव
इस बार मुकाबला सिर्फ क्रिकेट के रोमांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दर्शकों को स्टेडियम में कई नए बदलाव और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं भी देखने को मिलेंगी। दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एंट्री सिस्टम में बड़ा बदलाव किया गया है। तय समय के बाद स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और सभी गेट सील कर दिए जाएंगे। यह निर्णय सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
स्टेडियम के सभी 13 गेटों पर मजबूत लोहे की रेलिंग लगाई जा रही है, जिससे अवैध प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। इसके साथ ही गैलरी मैनेजमेंट, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा इंतज़ाम पहले से कहीं अधिक व्यवस्थित किए जा रहे हैं। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम की कुर्सियों की मरम्मत और साफ-सफाई का कार्य भी तेज़ी से किया जा रहा है।
खान-पान से लेकर कॉर्पोरेट बॉक्स तक बदलाव
दर्शकों के लिए खाने-पीने की सुविधाओं को भी बेहतर किया जा रहा है। फूड काउंटरों की संख्या बढ़ाई जा रही है और दरों को लेकर भी समीक्षा की जा रही है, ताकि उचित कीमत पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके। वहीं कॉर्पोरेट बॉक्स और स्टैंड्स में लक्ज़री और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाएं विकसित की गई हैं।
22 को टीमें पहुंचेंगी, 15 को टिकट बिक्री की घोषणा
भारत और न्यूज़ीलैंड की टीमें 22 जनवरी को रायपुर पहुंचेंगी, जबकि 23 जनवरी को मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। टिकटों की बिक्री को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है—15 जनवरी को टिकट बिक्री की तारीखों का औपचारिक ऐलान किया जाएगा, जिसका फैंस बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।
भविष्य के बड़े मैचों के लिए तैयार स्टेडियम
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को स्टेडियम सौंपे जाने के बाद यहां अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाओं का तेज़ी से विकास किया गया है। स्टेडियम में आधुनिक ड्रेसिंग रूम, नई प्रैक्टिस विकेट्स तैयार की गई हैं और भविष्य में टेस्ट मैचों के आयोजन के लिए भी इसे पूरी तरह सक्षम बनाया जा रहा है।
डिप्टी सीएम अरुण साव का बयान
मैच को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रायपुर में लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 23 जनवरी का भारत-न्यूज़ीलैंड टी-20 मुकाबला ऐतिहासिक और यादगार साबित होगा।
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब केवल देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक क्रिकेट मानचित्र पर भी अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। 23 जनवरी को होने वाला यह मुकाबला न केवल रोमांचक क्रिकेट का अनुभव देगा, बल्कि रायपुर को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर चमकने का अवसर प्रदान करेगा। (IND–NZ T20)



