धान पर कांग्रेस का झूठ बेनकाब: एक-एक दाना खरीदेगी सरकार – उप मुख्यमंत्री अरुण साव
भारत–न्यूजीलैंड मुकाबला रहेगा यादगार
CG Dhan Kharidi 2026 : छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार पात्र किसानों का एक-एक दाना धान खरीदेगी और किसानों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
यह भी पढ़े :- साय सरकार की बड़ी पहल: छत्तीसगढ़ में आईपीएल की एंट्री, आरसीबी ने मुख्यमंत्री को सौंपा जर्सी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही धान खरीदी (CG Dhan Kharidi 2026) को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। कभी सरकार की नीयत पर सवाल उठाए गए, तो कभी व्यवस्था और तैयारियों को लेकर आशंकाएं जताई गईं, लेकिन सरकार ने सभी आरोपों को गलत साबित करते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया है। उन्होंने किसानों से धैर्य रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि हर पात्र किसान का धान तय नियमों के अनुसार खरीदा जाएगा।
धान खरीदी में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई
धान खरीदी (CG Dhan Kharidi 2026) में अनियमितताओं को लेकर प्रशासन की सख्ती का उल्लेख करते हुए अरुण साव ने बताया कि विभिन्न जिलों में कलेक्टरों द्वारा औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। जहां भी गड़बड़ी पाई गई है, वहां कठोर कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि-
मुंगेली जिले में औचक निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उपलेटा राइस मिल को सील किया गया।
धमतरी जिले में श्री गजराज एग्रो इंडस्ट्रीज को भी अनियमितताओं के चलते सील किया गया।
भौतिक सत्यापन में अभिलेखों में गड़बड़ी, डीओ ऑर्डर में अनियमितता, वाहनों की निर्धारित क्षमता से अधिक परिवहन तथा जीपीएस डेटा से छेड़छाड़ जैसी गंभीर खामियां सामने आईं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
जंबूरी 2026 पर भ्रष्टाचार के आरोप बेबुनियाद
जंबूरी 2026 को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों और याचिका पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय पर स्थिति पहले ही स्पष्ट की जा चुकी है। सभी कार्य तय नियमों और प्रक्रियाओं के तहत किए गए हैं। शिकायत और कानूनी प्रक्रिया सभी के लिए खुली है। शिक्षा मंत्री भी इस संबंध में तथ्य सामने रख चुके हैं, ऐसे में किसी प्रकार का संदेह नहीं रहना चाहिए।
केसीसी योजना में गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस
अंबिकापुर में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना को लेकर कथित गड़बड़ी और किसानों के प्रदर्शन पर अरुण साव ने कहा कि जहां भी अनियमितता की शिकायत मिलेगी, वहां कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार की नीति भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा को लेकर कांग्रेस को चिंता करने की जरूरत नहीं
भाजपा के अंदरूनी मामलों को लेकर कांग्रेस के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उसे अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों पर ध्यान देना चाहिए।
जन जागरण अभियान और वीबी-जी राम-जी योजना
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि वीबी-जी राम-जी योजना को लेकर भाजपा द्वारा जिला स्तरीय कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। पार्टी ने जन जागरण अभियान की शुरुआत कर दी है और गांव-गांव तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाएगी। उन्होंने इसे ग्रामीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।
भारत–न्यूजीलैंड मुकाबला रहेगा यादगार
23 जनवरी को रायपुर में होने वाले भारत–न्यूजीलैंड अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर अरुण साव ने कहा कि वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अत्याधुनिक और विशाल है। यहां लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले आयोजित होंगे। सरकार ने इसके लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं और 23 जनवरी का यह मैच ऐतिहासिक और यादगार साबित होगा।



