Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में धान की गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त, कई जिलों के राइस मिलों पर छापा, करोड़ों का धान जब्त

Raid on Rice Mills: छत्तीसगढ़ में धान की गड़बड़ी के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इस बीच धमतरी जिले में धान मिलिंग में अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कुरूद और नगरी ब्लॉक में एक साथ कुल छह राइस मिलों पर छापेमार कार्रवाई की गई, जिसमें से पांच राइस मिलों से करीब 7 हजार 492 क्विंटल धान जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपए बताई जा रही है। जिला प्रशासन की उड़नदस्ता टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में 9 साल की बच्ची से दरिंदगी, चॉकलेट का लालच देकर मासूम से 5 दिन तक दुष्कर्म

जांच में धान के भंडारण, रिकॉर्ड संधारण और मिलिंग से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया गया। वहीं नगरी स्थित श्री गजराज इंडस्ट्रीज राइस मिल में भारी गड़बड़ी और दस्तावेजों में हेराफेरी सामने आने के बाद प्रशासन ने मिल को तत्काल सील कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई के बाद जिलेभर के राइस मिल संचालकों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। आने वाले दिनों में भी लगातार जांच अभियान चलाए जाएंगे, ताकि धान मिलिंग में पारदर्शिता बनी रहे और कोई भी व्यक्ति या संस्था खुद को कानून से ऊपर न समझे। (Raid on Rice Mills)

सूरजपुर में राइस मिल सील

सूरजपुर जिले में धान की कालाबाजारी को लेकर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। किसानों से धान खरीदी में गड़बड़ी और शिकायतों के बाद खाद्य विभाग ने निजी राइस मिल को सील कर दिया है। मामला श्री श्याम एग्रो राइस मिल, लक्ष्मणपुर दतीमा से जुड़ा है, जहां जांच के दौरान 2706 क्विंटल धान गायब पाया गया। गायब धान की अनुमानित कीमत करीब 83 लाख 88 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान कुल 9 करोड़ 16 लाख रुपए मूल्य का 29,574 क्विंटल धान जब्त किया गया है। यह कार्रवाई कस्टम मिलिंग उपार्जन आदेश के तहत की गई। (Raid on Rice Mills)

जशपुर में अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई

खाद्य विभाग का कहना है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। जशपुर जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। राइस मिल से अवैध रूप से धान खरीदी केंद्र ले जाए जा रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़ा गया है। दोनों ट्रैक्टरों में कुल 100 क्विंटल धान लोड पाया गया, जिसे अवैध रूप से चोंगरीबहार धान खरीदी केंद्र ले जाया जा रहा था। यह धान कांसाबेल विकासखंड के वेदांश राइस मिल बगिया से निकाला गया था। कार्रवाई के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर जांच में जुट गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि धान किस उद्देश्य से और किन दस्तावेजों के आधार पर ले जाया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!