Google Analytics —— Meta Pixel

खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाए चार बच्चे, तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों समेत चार बच्चों की मौत

Death Due to Drowning: प्रयागराज जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां दो सगे भाइयों समेत चार बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई है। हादसा पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के सल्लाहपुर चौकी अंतर्गत कुसुआ गांव के पास हुआ। मृतकों में तीन नाबालिग और एक 19 साल का युवक शामिल है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे चारों बच्चे घर से खेलने के लिए निकले थे। देर शाम तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। रात करीब दो बजे तक परिजन और ग्रामीण बच्चों की तलाश करते रहे। गांव, आसपास के इलाकों और मेले तक खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

यह भी पढ़ें:- सुरक्षाबलों के दबाव में टूटे नक्सली, सुकमा में 29 ने डाले हथियार, नक्सलवाद का खात्मा जल्द…!

बुधवार सुबह परिजन दोबारा तलाश में निकले। गांव से करीब दो किलोमीटर दूर तालाबनुमा गड्ढे के पास बच्चों के कपड़े और चप्पल दिखाई दिए। इससे अनहोनी की आशंका गहराने लगी। ग्रामीणों की मदद से तालाब में जाल डलवाया गया, जिसके बाद एक-एक कर चारों शव बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान मनौरी क्षेत्र के हुसैनपुर के अहमदपुर पावन गांव के रहने वाले 19 साल के करन सोनकर, 10 साल का प्रियांशु और दो सगे भाई 10 साल के प्रिंस और 13 साल के प्रतीक के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। (Death Due to Drowning)

चाचा रंजीत सोनकर ने बताया कि मंगलवार शाम से ही चारों बच्चे लापता थे। रातभर खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार सुबह कपड़े और चप्पल मिलने पर जाल डलवाया गया, तब जाकर बच्चों के शव मिले। उन्होंने बताया कि परिवार पहले से ही एक दुख झेल चुका है। सबसे छोटे भाई संदीप सोनकर की 2024 में मौत हो चुकी है। उनके बेटे प्रियांशु की भी इस हादसे में जान चली गई। करन सोनकर 11वीं कक्षा का छात्र था। प्रतीक कक्षा 4, जबकि प्रिंस और प्रियांशु कक्षा 3 में पढ़ते थे। एक साथ चार बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। (Death Due to Drowning)

अवैध खनन से बने गड्ढे पर उठे सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि मनोरी रेलवे स्टेशन के नए भवन के पीछे जेसीबी से मिट्टी की खुदाई कराई गई थी। अवैध खनन के चलते बना यह गड्ढा बाद में पानी से भर गया और तालाब का रूप ले लिया। इसी गड्ढे में उतरने के दौरान चारों बच्चे डूब गए। एसीपी धूमनगंज अजयेंद्र यादव ने बताया कि बच्चों के लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस भी तलाश में जुटी थी। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे तालाबनुमा गड्ढे के पास कपड़े दिखे, जिसके बाद जाल डलवाकर चारों शव बरामद किए गए। प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद गांव में गम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खुदाई कराने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!