सुरक्षाबलों के दबाव में टूटे नक्सली, सुकमा में 29 ने डाले हथियार, नक्सलवाद का खात्मा जल्द…!

Naxalites Surrender in Sukma: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लगातार बढ़ते दबाव, प्रभावी रणनीति और शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर दरभा और केरलापाल एरिया कमेटी में सक्रिय 29 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। इन सभी नक्सलियों ने पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण, अपर पुलिस अधीक्षक रोहित शाह और सीआरपीएफ 74वीं बटालियन के कमांडेंट हिमांशु पांडे के समक्ष आत्मसमर्पण किया। यह सरेंडर नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें:- पंचायत चुनाव के बाद तेलंगाना के गांवों में आवारा कुत्तों का कत्लेआम, एक हफ्ते में 500 की हत्या
SP किरण चव्हाण ने कहा कि गोगुंडा क्षेत्र में सुरक्षा कैंप की स्थापना के बाद इलाके में सुरक्षाबलों की सक्रिय मौजूदगी लगातार बढ़ी है। इससे नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा और उनके मूवमेंट सीमित होते चले गए। लगातार सर्च ऑपरेशन, एरिया डॉमिनेशन, गश्त और दबाव की रणनीति ने नक्सल नेटवर्क को कमजोर किया, जिसके चलते नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सली लंबे समय से दरभा और केरलापाल एरिया कमेटी के अंतर्गत सक्रिय थे और विभिन्न नक्सली गतिविधियों में शामिल रहे हैं। सरेंडर के दौरान नक्सलियों को राज्य सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके तहत उन्हें आर्थिक सहायता, आवास, रोजगार और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। (Naxalites surrender in Sukma)
सरकार की पुनर्वास नीति ने बदली सोच
SP किरण चव्हाण ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति बहाली की दिशा में यह एक बड़ी सफलता है। सरकार की पुनर्वास नीति नक्सलियों को हिंसा छोड़कर सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दे रही है। आने वाले समय में भी नक्सल विरोधी अभियान पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। एएसपी रोहित शाह ने बताया कि सुरक्षा कार्रवाई के साथ-साथ संवाद और विश्वास निर्माण पर भी जोर दिया जा रहा है, जिससे भटके हुए लोग मुख्यधारा में लौट सकें। वहीं सीआरपीएफ 74वीं बटालियन के कमांडेंट हिमांशु पांडे ने कहा कि गोगुंडा में कैंप की स्थापना से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। इससे आम नागरिकों का भरोसा बढ़ा है और नक्सलियों का प्रभाव लगातार कमजोर पड़ा है। (Naxalites surrender in Sukma)

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस सरेंडर के बाद केरलापाल एरिया कमेटी अब नक्सल-मुक्त होने के अंतिम चरण में पहुंच गई है, जो सुकमा जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे पहले जनवरी 2026 में सुकमा और दंतेवाड़ा जिले में 63 इनामी नक्सलियों समेत कई अन्य ने आत्मसमर्पण किया था। लगातार हो रहे इन सरेंडर से साफ है कि सुरक्षाबलों की रणनीति और सरकारी नीतियां नक्सल नेटवर्क को कमजोर कर रही हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में भी नक्सल विरोधी अभियान इसी तरह जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित किया जा सके।



