Google Analytics —— Meta Pixel

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकी मुठभेड़, सेना के 8 जवान हुए घायल, पढ़ें पूरी खबर

Terrorist Attack in Kishtwar: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार दोपहर आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में भारतीय सेना के 8 जवान घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक गंभीर रूप से घायल 3 जवानों को हेलीकॉप्टर के जरिए उधमपुर स्थित आर्मी बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का इलाज स्थानीय सैन्य चिकित्सा सुविधा में जारी है। यह मुठभेड़ किश्तवाड़ के ऊपरी जंगली इलाके सोनार में उस समय हुई, जब सेना की व्हाइट नाइट कोर आतंकियों के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन त्राशी-1’ के तहत सर्च ऑपरेशन कर रही थी। इसी दौरान छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाला।

यह भी पढ़ें:- सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे : मुख्यमंत्री साय

अधिकारियों के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने 2 से 3 आतंकियों को घेर लिया था। खुद को घिरता देख आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला कर दिया, जिसमें कई जवान घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में इन आतंकियों के जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। ड्रोन के जरिए हवाई निगरानी की जा रही है, वहीं स्निफर डॉग्स की भी मदद ली जा रही है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमें जंगलों और आसपास के इलाकों में आतंकियों की तलाश में जुटी हैं। एहतियातन किश्तवाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वाहनों की सघन जांच की जा रही है। (Terrorist Attack in Kishtwar)

राजौरी में LoC के पास संदिग्ध हलचल

इधर, राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर के कलाल गांव में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास संदिग्ध गतिविधि देखे जाने से हड़कंप मच गया। एक विलेज डिफेंस कमेटी (VDC) सदस्य ने अपने घर के पास हलचल देखे जाने पर सतर्कता के तौर पर हवा में फायरिंग की। सूचना मिलते ही सेना और पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। फिलहाल किसी बड़े खतरे की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन तलाशी अभियान जारी है।

हाल में हुए ये आतंकी हमले

  • 15 दिसंबर 2025 को उधमपुर के मजालता क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर पुलिस का जवान शहीद हुआ।
  • 16 दिसंबर 2025 को उधमपुर के मजालता क्षेत्र में ही SOG के 2 जवान घायल हो गए।
  • 4 नवंबर 2025 को किश्तवाड़ के छत्रू इलाके में मुठभेड़ में एक जवान घायल हो गया।
  • 13 अक्टूबर 2025 को कुपवाड़ा में 12 घंटे चले ऑपरेशन में 2 आतंकी ढेर किए गए।
  • 8 सितंबर 2025 को कुलगाम में मुठभेड़ हुआ, जिसमें 2 आतंकी मारे गए। जबकि दो जवान शहीद भी हुए।
  • मार्च से अगस्त 2025 तक अलग-अलग एनकाउंटर और फायरिंग की घटनाओं में 7 जवान शहीद हुए।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

लगातार हो रही आतंकी गतिविधियों को देखते हुए जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों के सफाए तक ऑपरेशन जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर क्षेत्र की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। फिलहाल पूरे किश्तवाड़ और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबल आतंकियों की तलाश में लगातार ऑपरेशन चला रहे हैं और हालात पर पल-पल नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी साजिश को नाकाम करने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं। (Terrorist Attack in Kishtwar)

Back to top button
error: Content is protected !!