दो ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर, 21 यात्रियों की मौत, 73 घायल, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

Train Accident in Spain: स्पेन के कॉर्डोबा प्रांत में रविवार रात बड़ा रेल हादसा हुआ है। दरअसल, मलागा से मैड्रिड जा रही एक यात्री ट्रेन पटरी से उतरने के बाद दूसरी ट्रेन से टकरा गई, जिसके चलते 21 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 73 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों ट्रेनों में कुल मिलाकर करीब 500 यात्री सवार थे। पहली ट्रेन मलागा-मैड्रिड रूट पर चल रही थी, जो अचानक पटरी से उतर गई और पास की दूसरी रेलवे लाइन पर पहुंच गई। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही मैड्रिड-हुएलवा रूट की हाई-स्पीड AVE ट्रेन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
यह भी पढ़ें:- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकी मुठभेड़, सेना के 8 जवान हुए घायल, पढ़ें पूरी खबर
टक्कर इतनी भीषण थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए और एक डिब्बा पूरी तरह पलट गया। स्वास्थ्य मंत्री एंटोनियो सैंज ने हादसे को लेकर दुख जताया है। साथ ही कहा कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि घायलों को कॉर्डोबा और आसपास के इलाकों के 6 अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के समय ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने बताया कि टक्कर के वक्त ऐसा लगा मानो भूकंप आ गया हो। स्पेनिश पब्लिक ब्रॉडकास्टर RTVE के पत्रकार साल्वाडोर जिमेनेज भी इर्यो ट्रेन में सवार थे। उन्होंने बताया कि ट्रेन के आखिरी दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें से एक पूरी तरह पलट गया। (Train Accident in Spain)

जिमेनेज के मुताबिक ट्रेन शाम करीब 6:40 बजे मलागा से समय पर रवाना हुई थी। कुछ ही देर बाद अचानक तेज झटका महसूस हुआ और ट्रेन पटरी से उतर गई। इसके बाद यात्रियों को हथौड़ों की मदद से खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया। हादसे के बाद कई यात्रियों ने ट्रेन के अंदर धुआं भरने की शिकायत की। जान बचाने के लिए यात्रियों को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलना पड़ा, इस दौरान कई लोगों को चोटें भी आई। स्पेन की रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर एजेंसी ADIF ने हादसे के बाद मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच सभी ट्रेन सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दी हैं। (Train Accident in Spain)
यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष ने जताया दुख
घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं को तैनात किया गया और राहत-बचाव कार्य रातभर चलता रहा। स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने बताया कि वह ADIF के ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर से हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। राहत कार्यों में स्पेन की सेना की इमरजेंसी यूनिट्स को भी शामिल किया गया है। रेड क्रॉस की टीमें घायलों के इलाज में स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों की सहायता कर रही हैं। वहीं यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर हादसे पर शोक व्यक्त किया और पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है और स्पेनिश रेलवे प्रशासन तकनीकी पहलुओं की पड़ताल में जुटा हुआ है।



