Google Analytics —— Meta Pixel

रिटायर्ड रेलकर्मी ने 32 साल छोटी लिव-इन पार्टनर के किए कई टुकड़े, 7 दिन से शव के अंगों को जला रहा था आरोपी

Live in Partner Murder: उत्तर प्रदेश के झांसी में एक दिल दहला देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया। दरअसल, रेलवे से रिटायर 64 साल के कर्मचारी ने अपनी 32 साल छोटी लिव-इन पार्टनर की निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद शव को कई टुकड़ों में काटा और सबूत मिटाने के लिए सात दिनों तक रोज एक-एक अंग को चूल्हे पर जलाता रहा। बदबू बाहर न जाए, इसलिए उसने जले हुए अंगों को घर में ही छिपाकर रखा।

यह भी पढ़ें:- दो ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर, 21 यात्रियों की मौत, 73 घायल, बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

शनिवार देर रात आरोपी अधजले अंगों, हड्डियों और राख को एक नीले लोहे के बॉक्स में भरकर ठिकाने लगाने जा रहा था, लेकिन लोगों की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हो गया। शनिवार रात आरोपी राम सिंह परिहार उर्फ बृजभान ने एक लोडर ऑटो बुक किया और बॉक्स को उसमें रखवाया। बॉक्स को लेकर वह सैंयर गेट स्थित फूटा चौपड़ा मोहल्ले में पहुंचा, जहां उसकी दूसरी पत्नी गीता रायकवार रहती है। बॉक्स से तेज बदबू आ रही थी और पानी टपक रहा था। इस पर लोडर चालक और मोहल्ले के लोगों को शक हुआ। रात करीब 2 बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया।

जब पुलिस ने बॉक्स खोला तो अंदर अधजले मानव अंग, हड्डियां और राख देखकर सभी के होश उड़ गए। जांच में मृतिका की पहचान प्रीति के रूप में हुई है। वह सीपरी बाजार इलाके की रहने वाली थी और राम सिंह के साथ बह्म नगर इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोपी राम सिंह पहले से दो शादियां कर चुका है। प्रीति तीसरी महिला थी, जिसके साथ वह बिना शादी के रह रहा था। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच करीब 10 साल से संबंध थे। (Live in Partner Murder)

पैसों की मांग बनी हत्या की वजह

पुलिस के मुताबिक प्रीति के पहले से तीन बच्चे थे। वह अपने पति और बच्चों को छोड़कर राम सिंह के साथ रहने लगी थी। शुरुआत में आरोपी उसकी आर्थिक मांगें पूरी करता रहा, लेकिन समय के साथ मांग बढ़ती गई। इसी से परेशान होकर राम सिंह ने प्रीति की हत्या की साजिश रची। आरोपी ने बह्म नगर के पहाड़ी इलाके में अपने रिश्तेदार का मकान करीब 20 दिन पहले किराए पर लिया था। करीब सात दिन पहले वह प्रीति को वहां ले गया और उसकी हत्या कर दी। (Live in Partner Murder)

हत्या के बाद शव के कई टुकड़े किए, उन्हें तिरपाल में रखा और फिर रोजाना एक-एक अंग को चूल्हे पर जलाता रहा। सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने एक बड़ा लोहे का बॉक्स खरीदा, जिसमें अधजले अंग, राख और कोयला भर दिया। शनिवार रात 400 रुपए में लोडर ऑटो बुक कर बॉक्स को दूसरी पत्नी के घर भेजने की कोशिश की। लोडर चालक जय सिंह पाल ने बताया कि राम सिंह ने बॉक्स को घर का सामान बताया था। शक होने पर जब उसने मना किया तो आरोपी ने जबरदस्ती ले जाने को कहा। बॉक्स से बदबू और पानी गिरने पर उसने मोहल्लेवालों के साथ पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राम सिंह का चरित्र पहले से ही ठीक नहीं था। उसकी पहली पत्नी से तीन बच्चे हैं, जबकि दूसरी महिला गीता रायकवार के साथ वह लंबे समय से लिव-इन में रह रहा था। अब तीसरी महिला प्रीति के साथ उसका संबंध सामने आया। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि आरोपी राम सिंह परिहार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतिका प्रीति उसकी तीसरी पत्नी के रूप में उसके साथ रह रही थी। दोनों के बीच करीब 10 सालों से संबंध थे। मामले की जांच जारी है।

Back to top button
error: Content is protected !!