चिली के जंगलों में भीषण आग से तबाही, 18 लोगों की मौत, आपातकाल घोषित

Massive Forest Fires in Chile: दक्षिण अमेरिकी देश चिली इस समय भीषण प्राकृतिक आपदा की चपेट में है। सेंट्रल और दक्षिणी चिली के जंगलों में लगी आग में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 हजार से ज्यादा लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। आग ने हजारों एकड़ जंगल को राख में बदल दिया है और सैकड़ों घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं। सबसे ज्यादा नुकसान बायोबियो और नुब्ले क्षेत्रों में हुआ है, जहां तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया और तेज हवाओं ने आग को और भड़का दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग रात के समय सोते हुए इसकी चपेट में आ गए और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
यह भी पढ़ें:- रिटायर्ड रेलकर्मी ने 32 साल छोटी लिव-इन पार्टनर के किए कई टुकड़े, 7 दिन से शव के अंगों को जला रहा था आरोपी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने बायोबियो और नुब्ले क्षेत्रों में आपदा की स्थिति यानी स्टेट ऑफ इमरजेंसी घोषित कर दी है। आग पर काबू पाने के लिए सेना को भी राहत और बचाव कार्यों में लगाया गया है। हालांकि स्थानीय अधिकारियों और पीड़ितों का आरोप है कि शुरुआती घंटों में राहत कार्यों में देरी हुई, जिससे नुकसान और बढ़ गया। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक आग अब तक करीब 8,500 हेक्टेयर यानी 21,000 एकड़ इलाके में फैल चुकी है। राष्ट्रपति बोरिक ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्टों में 300 घरों के पूरी तरह नष्ट होने की पुष्टि हुई है, जबकि वास्तविक नुकसान इससे कहीं ज्यादा हो सकता है।

राष्ट्रपति ने अनुमान जताया कि अकेले बायोबियो क्षेत्र में एक हजार से ज्यादा घर प्रभावित हुए हैं। पहाड़ी इलाकों में लगी आग के कारण 50 हजार लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े। राष्ट्रपति के बयान के बाद कई स्थानीय अधिकारियों और नागरिकों ने कहा कि घंटों तक चारों ओर आग और तबाही थी, लेकिन मदद नहीं पहुंची। गृह मंत्री अल्वारो एलिजाल्डे ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में मौसम और खराब हो सकता है। अत्यधिक गर्मी और तेज हवाओं के कारण दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। (Massive Forest Fires in Chile)
स्कूल, चर्च और कारें जले
55 साल के जॉन गुजमैन ने बताया कि कई लोग अपने घरों में ही रह गए, क्योंकि उन्हें लगा कि आग जंगल तक ही सीमित रहेगी, लेकिन हालात अचानक बेकाबू हो गए। आग ने पेंको शहर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्कूल, चर्च, घर और सैकड़ों कारें जलकर खाक हो गई। हजारों लोग अस्थायी इमरजेंसी शेल्टर में रहने को मजबूर हैं। 52 साल के जुआन लागोस ने कहा कि वे अपने बच्चों के साथ अंधेरे में जान बचाकर भागे। कई इलाकों में खेतों, सड़कों और जली हुई कारों में शव मिले, जिससे इलाके में मातम पसरा हुआ है। (Massive Forest Fires in Chile)
हर साल बढ़ती जा रही आग की त्रासदी
बता दें कि हर साल गर्मियों के दौरान सेंट्रल और दक्षिणी चिली में जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं, जो आमतौर पर फरवरी में चरम पर पहुंच जाती हैं। 2024 में चिली के सेंट्रल कोस्टलाइन क्षेत्र में लगी आग में 130 लोगों की मौत हुई थी, जो 2010 के विनाशकारी भूकंप के बाद देश की सबसे घातक प्राकृतिक आपदा मानी गई थी। पड़ोसी देश अर्जेंटीना भी पिछले कुछ हफ्तों से जंगल की आग से जूझ रहा है, जहां हजारों एकड़ जंगल जलकर नष्ट हो चुके हैं। (Massive Forest Fires in Chile)



