Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में जमीन सौदे के नाम पर 20 लाख की ठगी, बैंककर्मी से लिया बयाना, रजिस्ट्री से मुकरे आरोपी

Fraud With Bank Employee: राजधानी रायपुर में जमीन बेचने के नाम पर एक बैंककर्मी से 20 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि बैरन बाजार की दो सगी बहनों ने जमीन बेचने का एग्रीमेंट कर बयाना राशि ले ली, लेकिन तय समय में रजिस्ट्री नहीं कराई और अब लगातार टालमटोल कर रही हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्टेट बैंक कॉलोनी फाफाडीह के रहने वाले बैंककर्मी विजय पटेल (44) ने पुलिस को बताया कि बैरन बाजार की शहनाज खान और शफिका खान से उनकी जमीन खरीदने को लेकर सौदा तय हुआ था। 

यह भी पढ़ें:- गुजरात में छोटी पार्टी से सत्ता तक, केरल में भी वही कहानी दोहराएगी भाजपा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

आरोपियों ने बैरन बाजार स्थित 2604 वर्गफुट जमीन को 1 करोड़ 40 लाख रुपए में बेचने का एग्रीमेंट किया। पीड़ित के मुताबिक 18 जुलाई 2025 को सौदे के तहत 20 लाख रुपए की बयाना राशि दी गई। इसमें 15 लाख रुपए नकद और 5 लाख रुपये चेक के माध्यम से भुगतान किया गया। एग्रीमेंट में स्पष्ट रूप से तीन महीने के भीतर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य था, लेकिन समय सीमा पूरी होने के बावजूद आरोपियों ने रजिस्ट्री नहीं कराई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में शहनाज खान का बेटा सदफ मुख्य साजिशकर्ता है, जो जानबूझकर संपत्ति की रजिस्ट्री नहीं कराना चाहता। पीड़ित का कहना है कि जब उसने रजिस्ट्री की मांग की तो उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जाने लगी। (Fraud With Bank Employee)

कानूनी नोटिस के बावजूद रजिस्ट्री नहीं 

लगातार टालमटोल से परेशान होकर पीड़ित ने अपने वकील के माध्यम से 8 अक्टूबर 2025 को आरोपियों को कानूनी नोटिस भेजा। नोटिस में 14 अक्टूबर 2025 को रजिस्ट्री कार्यालय में उपस्थित रहने की बात कही गई। तय दिन पीड़ित रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचा, लेकिन आरोपी वहां नहीं आए। पीड़ित के पास रजिस्ट्री कार्यालय में मौजूदगी से जुड़े फोटो और अन्य साक्ष्य भी मौजूद हैं। बैंककर्मी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। (Fraud With Bank Employee)

Back to top button
error: Content is protected !!