24 घंटे में बदला पाकिस्तान का सुर, UN में भारत ने खोली धमकी से गुहार तक की पोल
भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान को कड़े शब्दों में घेरा है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि परवथनेनी हरीश ने कहा कि पाकिस्तान का एकमात्र एजेंडा भारत और उसके नागरिकों को नुकसान पहुंचाना है।
यह भी पढ़े :- बर्फीले तूफान के बीच अमेरिका में प्राइवेट जेट क्रैश, 7 लोगों की मौत
उन्होंने खुलासा किया कि 9 मई तक पाकिस्तान भारत को हमले की धमकी दे रहा था, लेकिन 10 मई को पाकिस्तानी सेना ने खुद भारत से संपर्क कर संघर्ष रोकने की गुहार लगाई।
हरीश ने बताया कि भारतीय सैन्य कार्रवाई में पाकिस्तान के कई एयरबेस को भारी नुकसान हुआ, जिसकी तस्वीरें सार्वजनिक डोमेन में मौजूद हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवाद को “न्यू नॉर्मल” नहीं बनाया जा सकता और पाकिस्तान द्वारा राज्य नीति के तहत आतंकवाद के इस्तेमाल को दुनिया को स्वीकार नहीं करना चाहिए।
भारत ने सिंधु जल संधि का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान ने तीन युद्धों और हजारों आतंकी हमलों के जरिए संधि की भावना को बार-बार तोड़ा है। भारत ने साफ किया कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से समाप्त नहीं करता, तब तक संधि निलंबित रहेगी।
पाकिस्तान को आत्मनिरीक्षण की सलाह
अंत में, भारत ने पाकिस्तान के आंतरिक हालात और वहां के लोकतंत्र की स्थिति पर भी सवाल उठाए। हरीश ने पाकिस्तान को कानून के शासन के बारे में आत्मनिरीक्षण करने की सलाह दी। उन्होंने 27वें संवैधानिक संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने अपनी सशस्त्र सेनाओं को संवैधानिक तख्तापलट करने और रक्षा प्रमुख को आजीवन प्रतिरक्षा देने की अनुमति कैसे दी? उन्होंने साफ किया कि जम्मू और कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और पाकिस्तान को भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है।



