बर्फीले तूफान के बीच अमेरिका में प्राइवेट जेट क्रैश, 7 लोगों की मौत

America Private Jet Crashes: अमेरिका के मेन राज्य में बैंगोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार रात एक प्राइवेट बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक क्रू मेंबर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना रात करीब 7:45 बजे उस वक्त हुई, जब विमान भारी बर्फबारी और बर्फीले तूफान के बीच उड़ान भरने की कोशिश कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बॉम्बार्डियर चैलेंजर 600 जेट टेकऑफ के दौरान ही रनवे पर पलट गया और उसमें आग लग गई। विमान में कुल आठ लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद सुरक्षा कारणों से बैंगोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया।
यह भी पढ़ें:- ऑनलाइन ठगी का अड्डा बनी राजधानी रायपुर, एक साल में ठगों ने उड़ाए 60 करोड़, 8680 मामलों में सिर्फ 15 को सजा
बैंगोर एयरपोर्ट बोस्टन से लगभग 200 मील यानी करीब 320 किलोमीटर उत्तर में स्थित है और यहां से ऑरलैंडो (फ्लोरिडा), वाशिंगटन डी.सी. और शार्लोट (नॉर्थ कैरोलिना) जैसे शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होती हैं। अधिकारियों के मुताबिक एयरपोर्ट कम से कम बुधवार दोपहर तक बंद रह सकता है। हादसे की जांच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) कर रहे हैं। NTSB ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि विमान उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ और उसके बाद आग लग गई। एजेंसियों ने कहा कि जांच टीम के मौके पर पहुंचने और साक्ष्य जुटाने तक कोई अतिरिक्त बयान जारी नहीं किया जाएगा।

NTSB ने यह भी कहा कि पीड़ितों की पहचान जारी करना उनकी जिम्मेदारी नहीं है। यह काम स्थानीय प्रशासन करेगा। वहीं एयरपोर्ट डायरेक्टर जोसे सावेद्रा ने मीडिया से बातचीत से इनकार करते हुए कहा कि वे फेडरल एजेंसियों के दिशा-निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं। यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब न्यू इंग्लैंड समेत अमेरिका के बड़े हिस्से एक शक्तिशाली बर्फीले तूफान की चपेट में हैं। कई इलाकों में भारी बर्फबारी, ओले और जमा देने वाली बारिश के कारण हवाई और सड़क यातायात बाधित हुआ है। लाखों घरों की बिजली आपूर्ति ठप होने की भी खबरें हैं। (America Private Jet Crashes)
हजारों उड़ानें रद्द, हजारों में देरी
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक तूफान के कारण अब तक करीब 12,000 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जबकि 20,000 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई है। फिलाडेल्फिया, वाशिंगटन, बाल्टीमोर, नॉर्थ कैरोलिना, न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के हवाई अड्डों पर सबसे ज्यादा असर देखा गया है। बॉम्बार्डियर चैलेंजर 600 एक लोकप्रिय बिजनेस जेट है, जिसे 9 से 11 यात्रियों के लिए कॉन्फिगर किया जाता है। इसे 1980 में ‘वॉक-अराउंड केबिन’ वाले पहले प्राइवेट जेट के रूप में लॉन्च किया गया था और यह आज भी चार्टर सेवाओं में व्यापक रूप से इस्तेमाल होता है। फिलहाल जांच एजेंसियां हादसे के कारणों मौसम, तकनीकी खामी या मानवीय त्रुटि की पड़ताल कर रही हैं। (America Private Jet Crashes)




