Google Analytics —— Meta Pixel

सरगुजा के बकना पंचायत में 57 मुस्लिम मतदाताओं के नाम काटने का आरोप, जांच की मांग

Allegations of irregularities in SIR: सरगुजा जिले के लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बकना ग्राम पंचायत में SIR (मतदाता सूची पुनरीक्षण) के दौरान गंभीर मामला सामने आया है, जहां मुस्लिम समुदाय के 57 लोगों के नाम पर कथित तौर पर फर्जी फार्म-7 भरकर उनके नाम मतदाता सूची से काटे जाने का प्रयास किया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से दो जीवित लोगों को मृतक घोषित कर दिया गया। मामले के सामने आने के बाद गांव में पंचायत की बैठक बुलाई गई, जहां सरपंच ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

यह भी पढ़ें- बीमा क्लेम के लिए रची ट्रक चोरी की झूठी कहानी, मालिक ही निकला मास्टरमाइंड

इस मामले का खुलासा शासन की ओर से अधिकृत बीएलओ (BLO) के माध्यम से हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ नेताओं ने सोची-समझी साजिश के तहत यह फर्जीवाड़ा किया। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित मतदाताओं ने खुद कोई फार्म-7 नहीं भरा, बल्कि उनके नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर आपत्तियां दर्ज की गई। हालांकि शासन से अधिकृत बीएलओ के कारण यह फर्जीवाड़ा सामने आ सका। लुंड्रा के भाजपा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि जो लोग क्षेत्र के वास्तविक निवासी हैं, उनके नाम मतदाता पुनरीक्षण अभियान में जुड़े रहेंगे। अगर किसी का नाम छूट गया है तो वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना नाम फिर जुड़वा सकते हैं।

दावे-आपत्तियों के दौर में बढ़ा विवाद

वहीं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि SIR की गाइडलाइन के अनुसार ही पूरी प्रक्रिया संचालित की जा रही है। अगर किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो उसकी जांच की जाएगी। SIR के तहत इस समय दावे-आपत्तियों (फार्म-7) का दौर चल रहा है। इसी को लेकर शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और नायब तहसीलदार प्रतीक रजक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि SIR सूची में मुस्लिम समाज के मतदाताओं के नाम शामिल हैं, लेकिन उनके नामों पर फर्जी आपत्तियां लगाकर वोटर लिस्ट से हटाने की कोशिश की जा रही है।

हजारों मुस्लिम मतदाताओं के नाम पर फर्जी आपत्तियों का आरोप

ज्ञापन सौंपने पहुंचे मुफ्ती अबरार-उल-हक ने कहा कि मुस्लिम समाज SIR कार्य का शुरू से समर्थन करता रहा है, लेकिन लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि सिर्फ मुस्लिम नामों पर ही झूठी आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। सर्वे में सामने आया है कि शहर में करीब 7 से 10 हजार मुस्लिम मतदाताओं के नामों पर आपत्तियां लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि एक बीएलओ के पास 250 ऐसे नाम हैं, जिन पर आपत्ति दर्ज है और वे सभी मुस्लिम मतदाता हैं। इतना ही नहीं, एक मोहल्ले में मौजूद 96 मुस्लिम मतदाताओं के सभी 96 नामों पर फर्जी आपत्तियां दर्ज कर दी गई हैं। (Allegations of irregularities in SIR)

निष्पक्ष जांच और FIR की मांग

मुफ्ती अबरार-उल-हक ने कहा कि सर्वे के आंकड़े भय पैदा करने वाले हैं और यह जानबूझकर मुस्लिम मतदाताओं के नाम कटवाने और उनके वोट बैंक को खत्म करने की सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है। इसमें राजनीतिक दलों या असामाजिक तत्वों की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, फर्जी आपत्तियां लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई हो और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। (Allegations of irregularities in SIR)

Back to top button
error: Content is protected !!