Google Analytics —— Meta Pixel

बीमा क्लेम के लिए रची ट्रक चोरी की झूठी कहानी, मालिक ही निकला मास्टरमाइंड

Truck Theft Fake Story: बालोद में कर्ज और किस्त के दबाव से बचने के लिए बीमा क्लेम हड़पने की नीयत से खुद की ट्रक चोरी की झूठी कहानी रचने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डौंडी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी कैमरों की मदद से करीब 43 लाख रुपए मूल्य के ट्रक को महाराष्ट्र के नागपुर से बरामद किया है। इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि जिस व्यक्ति ने थाने में ट्रक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वही इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार निकला।

यह भी पढ़ें:- CM साय ने स्कूली बच्चों से किया संवाद, कहा- मन लगाकर करें पढ़ाई, खेलों पर भी दें ध्यान

पुलिस के मुताबिक डौंडी के रहने वाले नरेंद्र जायसवाल ने 26 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका ट्रक क्रमांक CG 21 J 7111 पेट्रोल पंप के पास से चोरी हो गया है। मामला गंभीर होने के चलते पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने ‘त्रिनयन एप’ की सहायता से डौंडी, लोहारा, राजनांदगांव से लेकर नागपुर तक के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में ट्रक चोरी होते हुए नहीं, बल्कि खुद आरोपियों के चलाकर ले जाते हुए साफ नजर आया। इसी कड़ी ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

कर्ज से बचने के लिए रचा फर्जी प्लान

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने साल 2013 में अपने एक रिश्तेदार के नाम पर लोन लेकर ट्रक खरीदा था। खदानों में काम कम होने के कारण ट्रक से आमदनी घट गई और वे नियमित किस्तें नहीं चुका पा रहे थे। फाइनेंस कंपनी के बढ़ते दबाव से बचने के लिए उन्होंने ट्रक को बेचकर और फिर चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर बीमा क्लेम लेने की योजना बनाई। आरोपी भाइयों ने 22 जनवरी की रात खुद ट्रक चलाकर नागपुर पहुंचाया। वहां एक दलाल की मदद से नागपुर के एक ट्रांसपोर्टर से सौदा किया गया और उसे ट्रक के दस्तावेजों की सिर्फ कलर फोटोकॉपी थमा दी गई। इसके बाद बालोद लौटकर ट्रक चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। (Truck Theft Fake Story)

तीन आरोपी गिरफ्तार, ट्रक जब्त

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को नागपुर से बरामद कर लिया और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में नरेंद्र जायसवाल (39 साल), मनेंद्र जायसवाल (34 साल) और लखन लाल जायसवाल (71 साल) शामिल हैं। पूरे मामले के खुलासे में साइबर सेल प्रभारी धरम भुसार्य, प्रधान आरक्षक ज्ञानेश चंदेल, भुनेश्वर मरकाम, आकाश दुबे, विवेक शाही, रूमलाल चुरेंद्र, विपिन गुप्ता, राहुल मनहरे, भोपासिंग साहू, पुकेश्वर साहू, पूरण देवांगन, आकाश सोनी, मिथलेश यादव, गुलझारी साहू, योगेश गेडाम, योगेश पटेल, अंबिका उसारे समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने पूरी साजिश का खुलासा किया। (Truck Theft Fake Story)

Back to top button
error: Content is protected !!