सूरजपुर में रिश्तों का खौफनाक अंत, भांजे ने मामी की बेरहमी से की हत्या, दोनों ने की थी लव मैरिज

Wife Murder in Surajpur: सूरजपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां जयनगर थाना क्षेत्र में एक शख्स ने पहले अपनी ही मामी से शादी की और बाद में उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने जन्मदिन मनाने के बहाने महिला को होटल और पिकनिक स्पॉट ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतिका की पहचान पिंकी सोलंकी (26 साल) के रूप में हुई है। पिंकी की करीब 8 साल पहले भैसामुंडा के शिवदास से शादी हुई थी। शादी के कुछ साल बाद दोनों रोजगार की तलाश में अंबिकापुर आ गए, जहां किराए के मकान में रहने लगे। इसी दौरान पिंकी ने एक बेटी को जन्म दिया।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में ई-व्हीकल एजेंसी दिलाने का झांसा, कारोबारी से 42 लाख 50 हजार की ठगी
इसी बीच शिवदास का भांजा हेमंत सोलंकी (24 साल) भी काम की तलाश में अंबिकापुर आया और मामा-मामी के साथ रहने लगा। मामा की गैरमौजूदगी में पिंकी और हेमंत के बीच नजदीकियां बढ़ी और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। हालात ऐसे बने कि पिंकी अपने पति शिवदास से अलग होकर हेमंत के साथ रहने लगी। दोनों ने बाद में लव मैरिज कर ली। इस रिश्ते से पिंकी को एक और बच्ची हुई, जो अभी 5 माह की है। जांच में सामने आया है कि पिंकी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी, जिसे लेकर हेमंत को उस पर शक होने लगा। उसे संदेह था कि पिंकी कई लड़कों से फोन पर बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा। (Wife Murder in Surajpur)

विवाद बढ़ने के बाद पिंकी अपने दोनों बच्चों के साथ अलग रहने लगी। इससे नाराज हेमंत ने पिंकी को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। 29 जनवरी को आरोपी हेमंत ने अपने जन्मदिन के बहाने पिंकी को मिलने बुलाया। दोनों अंबिकापुर में मिले और एक होटल में केक काटा। साथ ही शराब पी। इसके बाद वह पिंकी को पिलखा पहाड़ स्थित मोरभंज पिकनिक स्पॉट ले गया। पुलिस के मुताबिक वहां से आरोपी महिला को जंगल के अंदर ले गया। पहले दुपट्टे से उसका गला घोंटकर बेसुध किया और फिर अपने पास रखे चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बच्ची को बहन के पास छोड़कर निकली थी पिंकी
मृतिका की छोटी बहन रिंकी पाटिल ने बताया कि पिंकी 29 जनवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी बेटी को उसके पास छोड़कर दोस्त की बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी और मोबाइल भी बंद आने लगा। मृतिका की बहन रेंकी ने आरोप लगाया कि हेमंत का किसी दूसरी युवती से भी अफेयर था, जिसके चलते दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। इसी कारण पिंकी उससे अलग रह रही थी। (Wife Murder in Surajpur)

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी हेमंत सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कोरिया जिले के पंडोपारा का रहने वाला है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार कर ली है। एडिशनल एसपी योगेश देवांगन ने बताया कि महिला जिस युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी, उसी ने पहले दुपट्टे से गला घोंटा और फिर धारदार हथियार से उसकी हत्या की। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है। (Wife Murder in Surajpur)



