Google Analytics —— Meta Pixel

मिलावटखोरों पर शिकंजा, प्रदेशभर में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, महासमुंद में 15.50 लाख का जुर्माना

Food Department Action: छत्तीसगढ़ में आम लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाने-पीने की चीजें उपलब्ध कराने के लिए खाद्य और औषधि विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इस बीच जनवरी 2026 के दौरान प्रदेश के कई जिलों में औचक निरीक्षण, नमूना संग्रहण और कानूनी कार्रवाई की गई है। खाद्य विभाग ने धमतरी में जनवरी माह में कुल 73 खाद्य परिसरों का निरीक्षण किया। इस दौरान 14 परिसरों में कमियां पाई गई, जिन्हें सुधार के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के वक्त एक खाद्य नमूना जांच के लिए लिया गया। जबकि 2 प्रकरण एडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। उपभोक्ताओं की शिकायत पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड स्थित रमन स्वीट्स से ढोकना का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया।

यह भी पढ़ें:- डाक विभाग की लापरवाही से खाताधारकों को भारी नुकसान, उपभोक्ता आयोग ने 1.91 करोड़ रुपए भुगतान का दिया आदेश

वहीं खाद्य पदार्थ परोसने में अखबारी कागज के उपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। सभी खाद्य कारोबारियों को फॉसटैक प्रशिक्षण लेने और उसका प्रमाण पत्र दुकान में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। बलौदाबाजार जिले में जनवरी 2026 के दौरान भाटापारा स्थित तीन पोहा मिलों का निरीक्षण किया गया। इनमें मातारानी इंडस्ट्रीज, महासती उद्योग और एन.एस. इंडस्ट्रीज शामिल हैं। मातारानी इंडस्ट्रीज में खाद्य लेबल पर गलत फर्म का नाम-पता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। महासती उद्योग से पोहा का विधिक नमूना लिया गया। एन.एस. इंडस्ट्रीज में स्व-निरीक्षण रिपोर्ट में गलत जानकारी देने पर नोटिस जारी किया गया और पोहा, नायलॉन पोहा के नमूने लिए गए। इस माह जिले में कुल 5 नमूने लिए गए और 1 प्रकरण एडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

महासमुंद में गुटखा जब्ती, 15.50 लाख रुपए का जुर्माना

महासमुंद में जनवरी 2026 के दौरान की गई कार्रवाई में कुल 13 नमूने संकलित किए गए, जिनमें विधिक और सर्विलेंस नमूने शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान 92,352 पाउच प्रतिबंधित गुटखा, 2 किलो बेसन, 500 ग्राम बारीक सेव एक्सपायरी डेट पार जब्त की गई। न्याय निर्णयन अधिकारी ने संबंधित मामलों में 15 लाख 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इसके अलावा बिना लाइसेंस के कारोबार करने वाले 2 मामलों में 20,100 रुपए का जुर्माना वसूला गया। साथ ही 51 नग अखाद्य रंग नष्ट किए गए। रायगढ़ में एक संदिग्ध पिकअप वाहन से करीब 2 लाख रुपए मूल्य के दुग्ध उत्पाद जब्त किए गए। इनमें कॉलेज एनालॉग और दही शामिल हैं, जिन्हें शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।

निरीक्षण और कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी

जब्त सामग्री के नमूने रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य और औषधि विभाग ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर में सघन निरीक्षण और कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मिलावट और नियमों के उल्लंघन पर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत विभाग को दें। (Food Department Action)

Back to top button
error: Content is protected !!