भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर अड़ा पाकिस्तान, इस फैसले से पाक टीम को ग्रुप से बाहर होने से लेकर बैन तक का खतरा

Impact on Pakistani Team: T-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले क्रिकेट और राजनीति एक बार फिर आमने-सामने आ गई है। पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले को खेलने से आधिकारिक तौर पर इनकार कर दिया है। रविवार शाम पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साफ कर दिया कि पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट में हिस्सा तो लेगी, लेकिन 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी। पाकिस्तान के इस फैसले के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से अपने निर्णय पर दोबारा विचार करने को कहा है। ICC का कहना है कि चुनिंदा मैच खेलने से इनकार करना क्रिकेट की भावना और टूर्नामेंट की निष्पक्षता के खिलाफ है।
यह भी पढ़ें:- T-20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को नहीं होगा भारत-पाक मैच, ICC ने कहा- पाकिस्तान अपने फैसले पर करे पुनर्विचार
दरअसल, इस पूरे विवाद की जड़ बांग्लादेश का वर्ल्ड कप से बाहर होना है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में मैच खेलने से इनकार किया था। 21 जनवरी को हुई ICC बोर्ड मीटिंग में बांग्लादेश के मैच भारत की बजाय श्रीलंका में कराने पर वोटिंग हुई, जिसमें 14 देशों ने बांग्लादेश के खिलाफ वोट दिया। सिर्फ पाकिस्तान ही उसके समर्थन में खड़ा रहा। इसके बाद ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को एंट्री दे दी। इसी फैसले के विरोध में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का ऐलान किया है। PCB चीफ मोहसिन नकवी ने ICC पर डबल स्टैंडर्ड अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि बांग्लादेश के साथ नाइंसाफी हुई है।
मैच नहीं होने से हो सकते हैं ये नुकसान
ग्रुप स्टेज से बाहर होने का खतरा- ICC की प्लेइंग कंडीशन के मुताबिक जो टीम मैच खेलने से इनकार करती है, उसके 20 ओवर में 0 रन माने जाते हैं। जबकि दूसरी टीम का कोई ओवर काउंट नहीं होता। इस नियम के तहत भारत को मैच के 2 पॉइंट्स मिल जाएंगे और पाकिस्तान का नेट रन रेट बुरी तरह प्रभावित होगा। ग्रुप-A में भारत और पाकिस्तान के अलावा अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया जैसी टीमें हैं। अगर पाकिस्तान बाकी तीन मैचों में से एक भी हारता है तो उसके ग्रुप स्टेज से बाहर होने की पूरी आशंका है। अमेरिका पहले ही एक वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को बाहर कर चुका है, जबकि नीदरलैंड बड़े उलटफेर के लिए जाना जाता है। (Impact on Pakistani Team)
ICC कर सकता है वर्ल्ड कप से बाहर
ICC ने साफ किया है कि वह PCB से औपचारिक जवाब मांगेगा। अगर पाकिस्तान संतोषजनक कारण नहीं दे पाया तो ICC पाकिस्तान को इसी वर्ल्ड कप से बाहर कर सकता है या उस पर अन्य कड़े प्रतिबंध लगा सकता है। हालांकि पहले भी वर्ल्ड कप इतिहास में मैच फॉरफिट हुए हैं, लेकिन चुनिंदा टीम के खिलाफ खेलने से इनकार करना ICC के मेंबरशिप ऑब्लिगेशन का उल्लंघन माना जा सकता है।
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) पर संकट
पाकिस्तान इस मामले में सुरक्षा का तर्क भी नहीं दे सकता, क्योंकि उसके सभी मैच भारत में नहीं बल्कि श्रीलंका में होने हैं। ICC पहले ही चेतावनी दे चुका है कि अगर PCB ने बांग्लादेश को समर्थन देने के नाम पर टूर्नामेंट का बहिष्कार किया तो PSL के लिए विदेशी खिलाड़ियों को NOC नहीं मिलेगा। विदेशी खिलाड़ियों के बिना PSL की ब्रांड वैल्यू और ब्रॉडकास्टिंग डील्स पर भारी असर पड़ेगा। (Impact on Pakistani Team)
नॉकआउट में भारत से सामना हुआ तो क्या होगा ?
पाकिस्तान ने फिलहाल सिर्फ ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की बात कही है, लेकिन अगर सुपर-8, सेमीफाइनल या फाइनल में भारत सामने आया तो क्या पाकिस्तान खेलेगा ? ICC सूत्रों के मुताबिक इस सवाल पर PCB से साफ जवाब मांगा जाएगा। अगर पाकिस्तान वहां भी खेलने से इनकार करता है तो उस पर और सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है। (Impact on Pakistani Team)
भविष्य की मेजबानी और रेवेन्यू पर मार
पाकिस्तान को 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिली थी, जो 29 साल बाद किसी ICC टूर्नामेंट की मेजबानी थी। भारत-पाकिस्तान मैच ICC के लिए सबसे ज्यादा कमाई वाला मुकाबला होता है। इसके नहीं होने से ICC के रेवेन्यू पर असर पड़ेगा। इस नुकसान की भरपाई के लिए ICC पाकिस्तान के सालाना रेवेन्यू शेयर लगभग 5.75% में कटौती कर सकता है और भविष्य की मेजबानी भी छीन सकता है। भारत और पाकिस्तान दोनों ग्रुप-A में हैं। पाकिस्तान के बहिष्कार का सीधा फायदा भारत को मिलेगा। 15 फरवरी को होने वाले मैच के 2 पॉइंट्स भारत को बिना खेले मिल जाएंगे, जिससे भारत के सुपर-8 में पहुंचने का रास्ता आसान हो जाएगा। वहीं पाकिस्तान को रन रेट और पॉइंट्स दोनों में नुकसान होगा। (Impact on Pakistani Team)
ICC को कितना नुकसान ?
पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि हम बस वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं। सरकार अगर किसी टीम के खिलाफ खेलने से मना करती है तो हमें उसका पालन करना होगा। हमारा फोकस मैदान पर अपना 100% देने पर है। भारत-पाकिस्तान मुकाबला वर्ल्ड कप का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच होता है। 2023 वर्ल्ड कप में इस मैच को करीब 17 करोड़ दर्शकों ने देखा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस एक मैच के नहीं होने से ब्रॉडकास्टर को करीब 300 करोड़ रुपए तक का नुकसान हो सकता है। हालांकि ICC ने मीडिया राइट्स पहले ही बेच दिए हैं।
लंबे समय तक पाकिस्तान क्रिकेट पर डालेगा असर
मैच नहीं होने पर ब्रॉडकास्टर नुकसान की भरपाई की मांग कर सकते हैं, जिसकी भरपाई पाकिस्तान के रेवेन्यू से की जा सकती है। भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार पाकिस्तान के लिए राजनीतिक संदेश भले हो, लेकिन क्रिकेट के लिहाज से यह फैसला पाकिस्तान को भारी पड़ सकता है। अब सबकी नजर ICC और PCB के बीच होने वाली औपचारिक बातचीत पर टिकी है, जो तय करेगी कि यह विवाद सिर्फ एक फॉरफिट मैच तक सीमित रहेगा या पाकिस्तान क्रिकेट पर लंबे समय तक असर डालेगा।



