पारिवारिक विवाद में उजाड़ा परिवार, बुजुर्ग ने बीमार पत्नी की हत्या, फिर खुद भी फांसी लगाकर दी जान

Murder Suicide in Jagdalpur: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बोधघाट थाना क्षेत्र के बैला बाजार इलाके में एक बुजुर्ग ने अपनी बीमार पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह जब बेटे ने कमरे का दरवाजा खोला तो घटना का खुलासा हुआ। मृतकों की पहचान 73 साल के तारा सिंह और उनकी 70 साल की पत्नी विजया वीर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और पत्नी की बीमारी को घटना की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- मणिपुर में राष्ट्रपति शासन खत्म, खेमचंद सिंह होंगे प्रदेश के नए मुख्यमंत्री
जानकारी के मुताबिक तारा सिंह अपने बेटे, बहू और बेटी के साथ बैला बाजार इलाके में रहता था। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बुजुर्ग दंपति और फर्स्ट फ्लोर पर बेटा-बहू रहते थे। तारा सिंह पहले ट्रक ड्राइवर था, लेकिन कुछ समय से घर पर ही रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह स्वभाव से काफी गुस्सैल था, जबकि उसकी पत्नी लंबे समय से बीमार चल रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 3 जनवरी की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। शोर सुनकर बेटा और बहू नीचे आए और दोनों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद वे दोबारा ऊपर चले गए, लेकिन रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच पति-पत्नी के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया।

हत्या के बाद पति ने भी की आत्महत्या
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर तारा सिंह ने घर में रखे धारदार हथियार से पत्नी के सिर और गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही विजया वीर की मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद तारा सिंह ने पानी गर्म करने वाले रॉड के तार से फंदा बनाया और घर के चैनल गेट में बांधकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ ही देर में उसकी भी मौत हो गई। बुधवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच बेटा नीचे अपने माता-पिता के कमरे में पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने किसी तरह दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर वह सन्न रह गया। कमरे में मां और पिता दोनों के शव पड़े हुए थे। (Murder Suicide in Jagdalpur)
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि हत्या और आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद का मामला सामने आ रहा है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। वहीं एडिशनल एसपी माहेश्वर नाग ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। (Murder Suicide in Jagdalpur)




