मणिपुर में राष्ट्रपति शासन खत्म, खेमचंद सिंह होंगे प्रदेश के नए मुख्यमंत्री

Manipur President Rule Ends: केंद्र सरकार ने मणिपुर में करीब एक साल से लागू राष्ट्रपति शासन को समाप्त कर दिया है। गृह मंत्रालय ने बुधवार को इस संबंध में एक नोटिफिकेशन जारी करते हुए राज्य में तत्काल प्रभाव से राष्ट्रपति शासन खत्म करने की घोषणा की। इसके साथ ही मणिपुर में एक बार फिर निर्वाचित सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। मणिपुर में 13 फरवरी 2025 से राष्ट्रपति शासन लागू था। उस समय भीषण जातीय हिंसा के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। उनके इस्तीफे के चार दिन बाद केंद्र सरकार ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था और 60 सदस्यीय विधानसभा को निलंबित कर दिया गया था। विधानसभा का कार्यकाल साल 2027 तक है।
यह भी पढ़ें:- मोमोज की लत पड़ी भारी, नाबालिग ने परिवार के 85 लाख के गहने सौंप दिए
राष्ट्रपति शासन हटने के बाद एनडीए विधायक दल के नेता वाई. खेमचंद सिंह ने बुधवार को मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर राज्य में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। खेमचंद सिंह राज्यपाल से मुलाकात के बाद अपने आवास लौटे। भाजपा विधायक दल की बैठक 3 फरवरी को आयोजित की गई थी, जिसमें वाई. खेमचंद सिंह को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। इस बैठक में भाजपा के 37 में से 35 विधायक उपस्थित रहे। बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुघ, पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा और भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष ए. शारदा देवी भी मौजूद रहीं। (Manipur President Rule Ends)
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री के रूप में खेमचंद का शपथ ग्रहण शाम 6 बजे लोकभवन में होगा। खेमचंद के साथ सरकार में दो डिप्टी CM होंगे, ताकि सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन सुनिश्चित किया जा सके। कुकी समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाली नेमचा किपगेन और नागा समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले लोधी दिखो डिप्टी CM होंगे। नेम्चा राज्य की पहली महिला डिप्टी CM होंगी। वहीं कोंथौजम गोविंदास सिंह को प्रस्तावित मंत्रिमंडल में गृहमंत्री बनाया जा सकता है। युमनाम खेमचंद सिंग्जामेई क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं। वे 2017-2022 तक मणिपुर विधानसभा स्पीकर रहे। 2022 में पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह की दूसरी सरकार में मंत्री थे। वे मैतेई समुदाय से आते हैं, जो मणिपुर के घाटी क्षेत्र में बहुसंख्यक हैं, जिन्हें बीरेन सिंह के नजदीकी माना जाता है।

भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष ए. शारदा देवी ने बताया कि खेमचंद सिंह के नेतृत्व में एनडीए का एक प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुघ के साथ चुराचांदपुर और फेरज़ॉल जैसे कुकी-ज़ो बहुल जिलों के दो विधायक भी शामिल थे। इसे राज्य में समावेशी राजनीति और आपसी विश्वास बहाली की दिशा में एक अहम संकेत माना जा रहा है। इस सरकार का सबसे महत्वपूर्ण पहलू नेमचा किपगेन की उपमुख्यमंत्री के रूप में नियुक्ति मानी जा रही है। कुकी समुदाय से आने वाली नेमचा किपगेन का चयन राज्य में लंबे समय से चले आ रहे जातीय तनाव को कम करने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा राजनीतिक कदम माना जा रहा है।

राज्य में भाजपा के 37 विधायक
मणिपुर विधानसभा की मौजूदा स्थिति पर नजर डालें तो राज्य में फिलहाल भाजपा के 37 विधायक हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के 32 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। जेडीयू ने छह सीटें जीती थी, जिनमें से पांच विधायक बाद में भाजपा में शामिल हो गए। अन्य विधायकों में छह नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी), पांच नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ), पांच कांग्रेस, दो कुकी पीपुल्स अलायंस, एक जेडीयू और तीन निर्दलीय विधायक शामिल हैं। करीब एक साल तक चली अशांति और राष्ट्रपति शासन के बाद अब राज्य में निर्वाचित सरकार के गठन से मणिपुर में शांति, स्थिरता और विकास की उम्मीदें एक बार फिर मजबूत हुई हैं। (Manipur President Rule Ends)




