लव ट्राएंगल में CAF प्रधान आरक्षक की हत्या, दूसरी पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश

CAF Head Constable Murder:बलरामपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंदूर नदी किनारे रेत में दफन मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) दंतेवाड़ा में पदस्थ प्रधान आरक्षक विश्वनाथ केरकेट्टा (51) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि प्रधान आरक्षक की हत्या उसकी दूसरी पत्नी क्लास्टिका केरकेट्टा ने अपने प्रेमी विवेक टोप्पो (31) के साथ मिलकर करवाई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। SP वैभव बैंकर ने बताया कि 29 जनवरी की शाम को कोतवाली थाना क्षेत्र के सतीसेमर से लगे सेंदूर नदी किनारे रेत में दफन एक शव बरामद हुआ था।
यह भी पढ़ें:- पारिवारिक विवाद में उजाड़ा परिवार, बुजुर्ग ने बीमार पत्नी की हत्या, फिर खुद भी फांसी लगाकर दी जान
SP ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर साक्ष्य छिपाने का प्रतीत हो रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की। अगले ही दिन शव की पहचान विश्वनाथ केरकेट्टा के रूप में हुई, जो मूल रूप से रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के सलियापारा गांव का निवासी था। वह पूर्व में बलरामपुर जिले में पदस्थ रहा था और वर्तमान में CAF दंतेवाड़ा में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत था। शव की पहचान के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि विश्वनाथ ने बलरामपुर में पदस्थापना के दौरान सवनी गांव निवासी क्लास्टिका केरकेट्टा से दूसरी शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं और सतीसेमर में उनका मकान भी है। (CAF Head Constable Murder)
फेसबुक से शुरू हुआ प्रेम, हत्या तक पहुंची साजिश
बच्चों की पढ़ाई के चलते 2024 में क्लास्टिका रायपुर में किराए के मकान में रह रही थी। शव मिलने से पहले 22 जनवरी को वह सतीसेमर आई थी और पड़ोसियों के सामने पति की तलाश का नाटक कर रही थी, लेकिन उसका व्यवहार असामान्य था। पड़ोसियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने क्लास्टिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने प्रेमी विवेक टोप्पो का नाम उजागर किया। जांच में पता चला कि क्लास्टिका की पहचान फेसबुक के जरिए बेलकुंद्री गांव के चलगली निवासी विवेक टोप्पो से हुई थी। दोनों के बीच अवैध प्रेम संबंध स्थापित हो गए थे। विवेक भी शादीशुदा था। इधर, प्रधान आरक्षक विश्वनाथ को दोनों के संबंधों की जानकारी लग चुकी थी, जिससे घर में अक्सर विवाद होता था। साथ रहने की चाहत में दोनों ने विश्वनाथ को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। (CAF Head Constable Murder)
छुट्टी लेकर बलरामपुर आया, नदी किनारे की गई हत्या
साजिश के तहत क्लास्टिका ने विश्वनाथ को बलरामपुर बुलाया। विश्वनाथ ने ड्यूटी से छुट्टी ली और 12 जनवरी को दंतेवाड़ा से निकला। 14 जनवरी को वह सतीसेमर स्थित अपने घर पहुंचा। उसी शाम आरोपी विवेक ने व्हाट्सएप के जरिए उसे सेंदूर नदी के पास बुलाया। जैसे ही प्रधान आरक्षक वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे विवेक ने धारदार खुरपी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने नदी के दूसरे छोर पर रेत खोदकर शव को दफना दिया और फरार हो गया। पुलिस ने कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हत्या में प्रयुक्त खुरपी भी बरामद कर ली गई है। (CAF Head Constable Murder)
कांकेर में आरक्षक ने की आत्महत्या
SP वैभव बैंकर ने बताया कि यह हत्या त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के कारण की गई थी। मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर पूरी साजिश रची। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इधर, कांकेर जिले से भी दुखद खबर सामने आई है। दरअसल, कांकेर SP कार्यालय में पदस्थ आरक्षक विकास दुग्गा ने नाथिया नवागांव के जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। यह मामला कांकेर थाना क्षेत्र का है।



