यूपी में कोहरे का कहर जारी, लखीमपुर में दंपति समेत तीन की मौत, उन्नाव में एक्सप्रेसवे पर 10 गाड़ियां टकराई, रेल यातायात भी प्रभावित

Fog Wreaks in UP: उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। गुरुवार सुबह लखनऊ, प्रयागराज समेत प्रदेश के करीब 15 जिले घने कोहरे की चपेट में रहे। हालात ऐसे रहे कि कोहरा बारिश की तरह गिरता नजर आया, जिससे सड़कों पर नमी छा गई और दृश्यता शून्य तक सिमट गई। कई इलाकों में सड़क पर कुछ भी देख पाना मुश्किल हो गया, जिसका सीधा असर यातायात पर पड़ा। लखीमपुर-खीरी में गुरुवार सुबह घने कोहरे ने एक खुशहाल परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। गोला कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव के पास नेशनल हाईवे-730 पर तेज रफ्तार कार आगे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि बहराइच के पति-पत्नी और उनके साले की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह घने कोहरे के चलते बड़ा सड़क हादसा हो गया। बेहटामुजावर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 245 के पास बस, ट्रक और कारों समेत करीब 10 वाहन आपस में टकरा गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक एक वाहन के ब्रेक लगाने से पीछे आ रहे वाहन एक के बाद एक भिड़ते चले गए। हादसे में 10 लोग घायल हो गए, जबकि एक्सप्रेसवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। (Fog Wreaks in UP)
कानपुर समेत कई स्टेशनों पर 25 से ज्यादा ट्रेनें लेट
कोहरे के कारण रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कानपुर सेंट्रल समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 25 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कानपुर में सुबह मौसम साफ जरूर रहा, लेकिन सर्द हवाओं के चलते गलन बढ़ गई। ठंड से लोगों की कंपकपी छूटती नजर आई। खराब मौसम के कारण 20 से ज्यादा ट्रेनें घंटों की देरी से स्टेशन पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार पछुआ हवाओं के चलते सुबह और शाम ठंड में इजाफा हुआ है। पहाड़ी राज्यों में एक बार फिर बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू होने वाला है, जिसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा। पिछले 24 घंटों में हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (Fog Wreaks in UP)
संभल में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पूर्वांचल के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर आने वाले दिनों में दिखेगा। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। फरवरी के पिछले चार दिनों की बारिश पर नजर डालें तो संभल जिले में सर्वाधिक 73.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं मेरठ में 51.8 मिलीमीटर और बागपत में 41.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। बारिश के बाद बदले मौसम ने ठंड का एहसास और बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक 6 फरवरी को पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहेगा। 7 फरवरी को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 8 फरवरी को पूरे प्रदेश में 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।



