तमिलनाडु के मंत्री के बयान से मचा सियासी तूफान, केंद्रीय मंत्रियों और NDA सांसदों ने बताया विभाजनकारी

Politics on Panneerselvam Statement: तमिलनाडु के मंत्री एम.आर.के. पन्नीरसेल्वम के उत्तर भारतीयों को लेकर दिए गए बयान पर देश की राजनीति गरमा गई है। NDA और विपक्षी दलों के कई नेताओं ने इसे अपमानजनक और विभाजनकारी बताते हुए कड़ी आलोचना की है। केंद्रीय मंत्रियों से लेकर सांसदों तक ने बयान की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणियां राष्ट्रीय एकता को कमजोर करती हैं। वहीं कुछ नेताओं ने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन से हस्तक्षेप और माफी की मांग भी की है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि कुछ नेता ऐसे हैं, जो अपने बयानों से सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं और जिनकी राजनीति सिर्फ बांटों और शासन करो पर चलती है। बांटने का काम कभी जाति के नाम पर, धर्म के नाम पर, कभी भाषा के आधार पर तो कभी क्षेत्र के आधार पर।
केंद्रीय मंत्री चिराग ने कहा कि ऐसे में NDA गठबंधन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सिर्फ एक सोच के साथ आगे बढ़ रहा है कि सबका साथ, सबका विकास। अब जिनती योजनाओं का, नीतियों का निर्माण होता है, उसका आधार सिर्फ देश की आबादी होती है। उन्होंने आगे कहा कि आप अपनी बातों को रखिए, इस पर कोई ऐतराज नहीं है, लेकिन मर्यादा में रहकर अपनी बात रखें। आप कड़े से कड़ा प्रहार भी मर्यादित भाषा में कर सकते हैं। LJP(RV) के सांसद अरुण भारती ने कहा कि उत्तर भारत के लोग जो तमिलनाडु में जाकर काम कर रहे हैं, वो अपनी मेहनत की कमाई खा रहे हैं। मंत्री जी जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। वो तमिलनाडु के लोगों का हक खा रहे हैं, ऐसा कोई काम उत्तर भारतीय नहीं कर रहा है। (Politics on Panneerselvam Statement)
कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोलने वाली पार्टी: गिरिराज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस तमिलनाडु में सरकार चला रही है। उत्तर भारतीयों को गाली सुनवा रहे हैं। इसका जवाब राहुल गांधी को देना चाहिए। क्या इस देश में विभेद पैदा करवा रहे हैं ? कांग्रेस पार्टी पाकिस्तान और चीन की भाषा बोलने वाली पार्टी बनती जा रही है। भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि जिस प्रकार की ओछी टिप्पणियां DMK के नेता करते हैं, वो उनकी मानसिकता को दिखाता है। हम सभी देशवासियों का सम्मान करते हैं। इस बार तमिलनाडु में DMK का सफाया तय है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि उनका बयान बहुत गलत है और देश का अपमान करने वाला है। वहां के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को उन्हें समझाना चाहिए और मुझे लगता है कि उनको माफी मांगनी चाहिए। (Politics on Panneerselvam Statement)
ये मानसिक दिवालियापन का परिचय: दीपक प्रकाश
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि उत्तर भारतीय जहां भी गए हैं, उन्होंने वहां की इकोनॉमी को मजबूत किया है। कांग्रेस को इस पर जवाब देना चाहिए और DMK ने जो कहा है, उस पर अपना रुख साफ करना चाहिए। बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि इस तरह की विभाजनकारी बातें किसी भी नेता को शोभी नहीं देती हैं। देश में एकता का माहौल होना चाहिए। हम इस तरह के बयान की सख्त निंदा करते हैं। बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि ये मानसिक दिवालियापन का परिचय है। इससे ज्यादा कुछ नहीं है। ऐसे लोगों को पागलखाने में भेज देना चाहिए। बिहार भारत का गौरव है, हमें बिहारी होने पर गर्व है।
गैर-जिम्मेदार टिप्पणियां नहीं की जानी चाहिए: चिदंबरम
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि वे संविधान की बात तो करते हैं, लेकिन मन में सिर्फ नफरत की दुकान है। वहीं समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद कि यह एक घटिया बयान है। उत्तर भारत ने देश के आधे से ज्यादा प्रधानमंत्रियों को जन्म दिया है। यह एक अपमान है। कांग्रेस सांसद कीर्ति चिदंबरम ने कहा कि तमिलनाडु को अन्य राज्यों से कामगारों की जरूरत है, जो आकर हमारी अर्थव्यवस्था को गति दे सकें। उनका तमिलनाडु में स्वागत है और वे राज्य में सुरक्षित हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था को चलाने के लिए बाहरी राज्यों के श्रमिकों की जरूरत है। इस तरह की गैर-जिम्मेदार टिप्पणियां नहीं की जानी चाहिए। (Politics on Panneerselvam Statement)
कांग्रेस सांसद ने किया बचाव
वहीं बिहार के कटिहार से कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने डीएमके मंत्री के बयान का बचाव करते हुए कहा कि उनका आशय किसी का अपमान करना नहीं था। उन्होंने कहा कि मंत्री का इरादा गलत नहीं था। वह यह कहना चाह रहे थे कि लोग दूर-दराज से मजदूरी करने आते हैं। बिहार में पलायन एक बहुत बड़ी और सार्वभौमिक समस्या है। यह एक सच्चाई है, जिसे हर कोई मानता है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस सांसद के बयान पर हमला बोला है। साथ ही सवाल उठाया कि क्या समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल भी डीएमके के इस बयान का समर्थन करेंगे, जो कि इंडी गठबंधन का प्रमुख घटक है। विवाद बढ़ने के बाद डीएमके सांसद टी.आर. बालू ने कहा कि मंत्री के बयान को गलत संदर्भ में पेश किया गया है और उनका उद्देश्य किसी भी प्रवासी मजदूर को अपमानित करना नहीं था। (Politics on Panneerselvam Statement)



