Chhattisgarh News : भारतमाला सड़क पर दर्दनाक हादसा, युवा कांग्रेस नेता समेत दो की मौत
Chhattisgarh News : कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर हुए भीषण सड़क हादसे में युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सहित दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़े :- तमिलनाडु के मंत्री के बयान से मचा सियासी तूफान, केंद्रीय मंत्रियों और NDA सांसदों ने बताया विभाजनकारी
हादसा उस वक्त हुआ जब मस्तूरी से बारात में जा रही एक कार अनियंत्रित होकर खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में गिर गई और करीब तीन बार पलट गई।
शादी समारोह से लौटते वक्त हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मस्तूरी निवासी एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपनी कार (CG 10 BF 9922) से बालको में एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ कार में शिवम ऑटोमोबाइल एजेंसी के संचालक ढालू अग्रवाल (विराट), मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला राम साहू और चालक राहुल मौजूद थे।
इससे पहले सभी लोग बिलासपुर के छाबड़ा पैलेस में एक अन्य विवाह समारोह में शामिल हुए थे और वहीं से बालको के लिए रवाना हुए थे। उरगा क्षेत्र में रास्ता भटकने के कारण कार निर्माणाधीन लेन में उतर गई, जहां वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरी।
मौके पर दो की मौत, दो गंभीर
हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला राम साहू और चालक राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे दोस्तों ने घायलों को तत्काल बिलासपुर के अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। (Chhattisgarh News)
मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। (Chhattisgarh News)



