छत्तीसगढ़ आना घर लौटने जैसा, बस्तर तेजी से नक्सलमुक्त हो रहा : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
Bastar Pandum 2026 : बस्तर पंडुम के भव्य मंच से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ और बस्तर की संस्कृति की दिल खोलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आना उन्हें हमेशा अपने घर लौटने जैसा महसूस होता है। यहां की संस्कृति न केवल प्राचीन है, बल्कि अत्यंत मधुर, जीवंत और मानवीय मूल्यों से भरपूर है।
यह भी पढ़े :- Bastar Pandum 2026 : राष्ट्रपति के कदम बस्तर में, ‘बस्तर पंडुम-2026’ से गूंजा आदिवासी गौरव
राष्ट्रपति ने कहा कि बस्तर पंडुम (Bastar Pandum 2026) यहां के लोगों के लिए सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि पर्व की तरह जिया जाने वाला उत्सव है, जो बस्तर की सामूहिक चेतना, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है।
बस्तर की सुंदरता और विरासत की सराहना
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी पर्यटकों को आकर्षित करती है। यहां की कला, संस्कृति और परंपराएं भारत की विविधता की सबसे सुंदर झलक पेश करती हैं।
नक्सलवाद पर स्पष्ट संदेश—अब बदल रहे हैं हालात
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने पिछले चार दशकों में नक्सलवाद के कारण आदिवासी समाज को हुए नुकसान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हिंसा और अशांति का सबसे ज्यादा असर आम और निर्दोष लोगों पर पड़ा।
हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और बस्तर नक्सलमुक्त होने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर हथियार डाल रहे हैं, जो शांति और विकास की ओर बढ़ते बस्तर का सकारात्मक संकेत है।
मुख्यधारा में लौटने वालों का स्वागत
राष्ट्रपति ने बस्तर पंडुम के मंच से मुख्यधारा में लौटने वाले लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि भटकाने वाली ताकतों की बातों में न आएं। शांति, विश्वास और विकास ही इस क्षेत्र का भविष्य है।
राष्ट्रपति को भेंट किए गए पारंपरिक उपहार
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को बस्तर की पहचान ढोकरा आर्ट से निर्मित कर्मा वृक्ष और कोसा शिल्प से तैयार गमछा भेंट किया, जिसे राष्ट्रपति ने सराहना के साथ स्वीकार किया।
जनजातीय संस्कृति की जीवंत प्रस्तुतियां
आयोजन के दौरान विभिन्न जनजातियों द्वारा पारंपरिक नृत्य, लोकगीत, वाद्ययंत्र, वेशभूषा और रीति-रिवाजों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि पारंपरिक व्यंजन, कला और संस्कृति मिलकर बस्तर को एक विशिष्ट वैश्विक पहचान देते हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम 2026 (Bastar Pandum 2026) के शुभारंभ अवसर का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व का विषय है, और यह आयोजन बस्तर के उज्ज्वल, शांतिपूर्ण और विकसित भविष्य की ओर इशारा करता है।



