कई पीढ़ियों को गरीबी और अशिक्षा के अंधकार में धकेलने वाले नक्सलवाद से निजात पाने वाला है देश: शाह

Shah Meeting in Raipur: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नक्सलवाद को लेकर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। इसे नक्सलवाद के खिलाफ अंतिम चरण की रणनीतिक बैठक माना जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी CM विजय शर्मा, केंद्रीय गृह सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के निदेशक, गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, CRPF, NIA, BSF, ITBP के महानिदेशक और छत्तीसगढ़, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र के गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:- “अगर 1.25 करोड़ हिंदू खड़े हुए तो दुनिया साथ देगी”- बांग्लादेश पर मोहन भागवत का बड़ा बयान
बैठक में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार की सुरक्षा-केंद्रित रणनीति, तेज इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, नक्सलियों के फाइनेंशियल नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई और प्रभावी आत्मसमर्पण नीति के कारण जमीन पर बड़े और सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो जाएगा और देश नक्सल-मुक्त होगा। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ कभी नक्सली हिंसा का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन सरकार में अब यह राज्य विकास की नई पहचान बन चुका है। (Shah Meeting in Raipur)

उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के युवा खेल, फॉरेंसिक और तकनीकी शिक्षा में आगे बढ़ रहे हैं और साथ ही अपनी संस्कृति और परंपराओं को भी सहेज रहे हैं। गृहमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद न तो सिर्फ विकास की कमी का मुद्दा है और न ही केवल कानून-व्यवस्था की समस्या, बल्कि यह एक खतरनाक विचारधारा से जुड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि 1980 के दशक में जब नक्सलवाद शुरू हुआ, उस समय देश में बस्तर से भी ज्यादा पिछड़े 100 से ज्यादा जिले थे, लेकिन वहां नक्सलवाद नहीं फैला। इससे साफ है कि इसकी जड़ विकास नहीं, बल्कि विचारधारा है। (Shah Meeting in Raipur)

शाह ने बताया कि देश का करीब 90 प्रतिशत नक्सल प्रभावित इलाका अब नक्सल मुक्त हो चुका है। बचे हुए इलाकों में भी लगातार सुरक्षा बलों का दबाव बना हुआ है। शाह ने कहा कि कई पीढ़ियों को गरीबी और अशिक्षा के अंधकार में धकेलने वाले नक्सलवाद से देश निजात पाने वाला है। उन्होंने दोहराया कि सरकार किसी पर गोली चलाना नहीं चाहती, जो नक्सली हथियार डालेंगे, उनका रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत किया जाएगा। शाह ने विशेष रूप से महिला नक्सलियों से अपील करते हुए कहा कि वे हथियार छोड़ दें, उनके लिए एक बेहतर और सुरक्षित जीवन सरकार सुनिश्चित करेगी। गृहमंत्री ने कहा कि नक्सलियों ने दशकों तक बस्तर और आसपास के इलाकों में विकास को रोके रखा। अगर नक्सलवाद नहीं होता तो बस्तर आज देश का सबसे विकसित इलाका होता।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले 10 सालों में बस्तर देश का सबसे विकसित आदिवासी क्षेत्र बनेगा। बैठक में अमित शाह ने निर्देश दिए कि नक्सल विरोधी अभियान बिखरा हुआ नहीं, बल्कि पूरे समन्वय के साथ चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि नक्सलियों को एक राज्य से दूसरे राज्य में भागने का मौका नहीं मिलना चाहिए। इसके लिए छत्तीसगढ़, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र के बीच रियल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। बैठक के बाद संकेत मिले हैं कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा अभियान और तेज किए जाएंगे। साथ ही सड़कों, स्कूलों, अस्पतालों, मोबाइल टावर, रेल कनेक्टिविटी और आवास योजनाओं को भी गति दी जाएगी।

केंद्र सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 15 हजार अतिरिक्त आवास, राशन, स्वास्थ्य और बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की भी जानकारी दी। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में यह आखिरी बड़ी रणनीतिक बैठक है। कुल मिलाकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का यह दौरा सिर्फ एक समीक्षा नहीं, बल्कि नक्सलवाद के खिलाफ अंतिम निर्णायक प्रहार की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है, जिसका असर आने वाले महीनों में जमीन पर साफ दिखाई देगा। क्योंकि नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन और तेज होने के संकेत मिले हैं, जिससे कई बड़े नक्सलियों को ढेर किया जा सकता है। (Shah Meeting in Raipur)



