Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ को जल्द बनाएंगे देश का नंबर-1 राज्य, विकसित भारत का अग्रदूत बनेगा राज्य: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

Amit Shah on Chhattisgarh: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साप्ताहिक पत्र ऑर्गेनाइजर के ‘भारत प्रकाशन’ की ओर से प्रकाशित पुस्तक ‘छत्तीसगढ़ @ 25 : शिफ्टिंग द लेंस’ पर आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव को संबोधित किया, जिसका विषय सुरक्षा, समृद्धि और स्थिरता था। शाह ने कहा कि ऑर्गेनाइजर ने अंग्रेजी पत्रकारिता में हमेशा भारत की मूल सोच और विचारधारा को मजबूती से सामने रखा है। उन्होंने कहा कि जब कई लोग इस पत्रिका का मजाक उड़ाते थे, इसे नजरअंदाज करते थे या इसका विरोध करते थे, तब भी ऑर्गेनाइजर बिना डरे अपनी विचारधारा पर अडिग रहा।

यह भी पढ़ें:- कई पीढ़ियों को गरीबी और अशिक्षा के अंधकार में धकेलने वाले नक्सलवाद से निजात पाने वाला है देश: शाह

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का असली धर्म निर्भीक होकर विचार रखना है। ऑर्गेनाइजर ने इस परंपरा को कभी नहीं छोड़ा। गृहमंत्री ने कहा कि सुरक्षा, समृद्धि और स्थिरता किसी भी राज्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और छत्तीसगढ़ जैसे राज्य के लिए यह और भी महत्वपूर्ण है, जिसकी स्थापना आजादी के बाद हुई। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि छोटे राज्यों का गठन किसी प्रयोग के तौर पर नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के उद्देश्य से किया गया था। इसी सोच के तहत झारखंड, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ का गठन हुआ। (Amit Shah on Chhattisgarh)

संघ का योगदान कोई नकार नहीं सकता: शाह 

शाह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में बने राज्यों में किसी प्रकार की कटुता या टकराव नहीं देखा गया, जबकि बाद के सालों में सिर्फ प्रशासनिक आधार पर बने राज्य तेलंगाना के मामले में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच लंबे समय तक विवाद चलता रहा। उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारधारा की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है और जिस राजनीतिक दल की स्पष्ट विचारधारा नहीं होती, वह न तो राज्य और न ही देश को सही दिशा दे सकता है। गृहमंत्री ने कहा कि आजादी से पहले और आजादी के बाद भारत के निर्माण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है, जिसे कोई भी इतिहासकार नकार नहीं सकता।

25 साल में बदला छत्तीसगढ़ का चेहरा

उन्होंने कहा कि समाज जीवन का शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र हो, जहां संघ के स्वयंसेवकों का सकारात्मक योगदान न रहा हो। छत्तीसगढ़ के 25 साल की यात्रा पर बात करते हुए शाह ने कहा कि इन सालों में राज्य का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। उन्होंने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ को बीमारू और नक्सल प्रभावित राज्य माना जाता था, लेकिन आज यह राज्य बीमारू की श्रेणी से बाहर निकलकर विकसित राज्य बनने की दहलीज पर खड़ा है और नक्सलवाद लगभग समाप्ति की ओर है। उन्होंने बताया कि 2000 की तुलना में 2025 तक छत्तीसगढ़ के बजट में 30 गुना वृद्धि हुई है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय में 17 गुना और सकल राज्य घरेलू उत्पाद में 25 गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा में बड़ा सुधार

शाह ने कहा कि कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्रों में भी राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है और वर्तमान में छत्तीसगढ़ लगभग साढ़े सात प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ रहा है। गृहमंत्री ने कहा कि पिछले 25 सालों में सिंचाई क्षमता दोगुनी हुई है, खरीफ फसलों का उत्पादन तीन गुना और रबी फसलों का उत्पादन लगभग छह गुना बढ़ा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा सुधार हुआ है, जहां पहले सिर्फ सात जिला अस्पताल थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 30 हो गई है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या एक से बढ़कर 16 हो चुकी है। कुपोषण, मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। (Amit Shah on Chhattisgarh)

शिक्षा और बुनियादी ढांचे में उछाल: शाह

शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि साक्षरता दर 65 प्रतिशत से बढ़कर 79 प्रतिशत हो गई है। राज्य में 75 एकलव्य आवासीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जबकि पहले एक भी नहीं था। छात्रावासों में पढ़ने वाले आदिवासी बच्चों की संख्या में भी तीन गुना वृद्धि हुई है। ग्रामीण सड़क निर्माण और निवेश के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नक्सलवाद के मुद्दे पर गृहमंत्री ने कहा कि यह समस्या विकास की कमी से नहीं, बल्कि हिंसक विचारधारा की उपज है। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्रों में अपार प्राकृतिक संसाधन हैं और अगर नक्सल हिंसा न होती तो यह इलाका देश के सबसे समृद्ध क्षेत्रों में शामिल होता। उन्होंने कहा कि नक्सल विचारधारा बंदूक के बल पर समाधान की बात करती है, जबकि भारतीय संविधान संवाद और समाधान की राह दिखाता है।

90% इलाका नक्सल मुक्त: अमित शाह

शाह ने कहा कि आज नक्सल प्रभावित इलाकों में स्कूल, अस्पताल, सड़कें और रेल परियोजनाएं फिर से शुरू हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 90 प्रतिशत क्षेत्र नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। उन्होंने नक्सलियों से अपील करते हुए कहा कि अगर वे हथियार छोड़ दें तो सरकार उनका सम्मान के साथ स्वागत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 31 मार्च 2026 से पहले देश से नक्सल समस्या को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि PM मोदी के 2047 के ‘विकसित भारत’ का ‘विकसित छत्तीसगढ़’ अग्रदूत बनेगा। हम छत्तीसगढ़ को लाल आतंक से पूरी तरह मुक्त करेंगे और जल्द इसे देश का नंबर-1 राज्य बनाएंगे। लोगों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया से वामपंथी विचारधारा को खारिज कर दिया है। तिरुवनंतपुरम में बीजेपी की जीत के साथ, कम्युनिस्टों के आखिरी गढ़ केरल में भी अब उनके अंत की शुरुआत हो गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!