रायपुर में बकाया नहीं चुकाने वालों पर सख्ती, नल कनेक्शन काटे, सीलबंदी शुरू

Raipur Municipal Corporation Action: रायपुर नगर निगम ने सालों से लंबित बकाया राशि नहीं चुकाने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। निगम ने डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी करने के बाद भी भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों पर कार्रवाई की। इस अभियान के तहत शहर के 4 वार्डों में 26 बकायादारों के नल कनेक्शन काट दिए। साथ ही सीलबंदी की कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान 6 बकायादारों का नल कनेक्शन काटा। वहीं सीलबंदी की कार्रवाई के बीच 2 बकायादारों ने मौके पर ही पूरा बकाया जमा कर दिया, जबकि 2 अन्य ने आंशिक भुगतान किया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ को जल्द बनाएंगे देश का नंबर-1 राज्य, विकसित भारत का अग्रदूत बनेगा राज्य: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह
वहीं 12 बकायादारों ने 9 फरवरी तक और एक बकायादार ने 15 फरवरी तक पूरा बकाया चुकाने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई फिलहाल स्थगित कर दी गई। यह कार्रवाई जोन-4 के अंतर्गत डॉ. विपिन बिहारी सूर वार्ड क्रमांक 64, स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड क्रमांक 44, पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक 34 और सिविल लाइन वार्ड क्रमांक 46 में की गई। निगम टीम ने लाखों रुपए के बकाया मामलों में नल विच्छेदन और सीलबंदी की प्रक्रिया अपनाई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बकाया वसूली को लेकर आगे भी इसी तरह सख्ती जारी रहेगी।
100 प्रतिशत राजस्व वसूली का लक्ष्य
अधिकारियों ने कहा कि समय पर भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगम ने सभी बकायादारों से अपील की है कि वे तय समय-सीमा में अपना बकाया जमा कर दंडात्मक कार्रवाई से बचें। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निगम के सभी 10 जोनों को निर्देश दिए हैं कि बड़े बकायादारों को तत्काल डिमांड बिल और नोटिस जारी किए जाएं और राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए। (Raipur Municipal Corporation Action)

इसी कड़ी में गौरव गार्डन, मधुबन, ओमाया और अमायरा क्षेत्रों में सर्वे कर प्रॉपर्टी टैक्स की जांच की गई। जांच के बाद गौरव गार्डन और मधुबन को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। वहीं अंबुजा मॉल, डिकैथलॉन, श्रीराम बिजनेस पार्क और सफायर ग्रीन को भी जल्द नोटिस देने की तैयारी चल रही है। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और उपायुक्त राजस्व जागृति साहू ने जोन-5 की पूरी टीम की सराहना की। साथ ही कहा कि इसी तरह की सख्ती और निरंतर प्रयासों से निगम की आय में बढ़ोतरी संभव है। निगम प्रशासन ने कहा कि आगे भी बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। (Raipur Municipal Corporation Action)



