गरियाबंद में ऑक्सीजन नहीं मिलने से एंबुलेंस में मरीज की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप

Patient Died in Ambulance: गरियाबंद जिले से एक गंभीर मामला सामने आया, जहां निमोनिया से पीड़ित 35 साल के युवक की एंबुलेंस में ऑक्सीजन नहीं मिलने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बसंत देवांगन के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस में लगा ऑक्सीजन सिलेंडर पूरी तरह खाली था, जिसकी वजह से मरीज को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिल पाई और उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान परिजनों और अस्पताल की लेडी डॉक्टर के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में बकाया नहीं चुकाने वालों पर सख्ती, नल कनेक्शन काटे, सीलबंदी शुरू
परिजनों का आरोप है कि इलाज कर रही डॉक्टर पूनम सरकार ने उनसे अभद्र भाषा में बात की। परिजनों ने डॉक्टर से नम्रता से बात करने की बात कही, जिस पर डॉक्टर ने गुस्से में कहा कि ऐसे लोगों के लिए मेरे पास नम्रता नहीं है। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। मरीज की मौत के बाद परिजन शव को उसी एंबुलेंस से घर ले जाना चाहते थे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने इससे इनकार कर दिया और 108 एंबुलेंस बुलाने को कहा। इससे नाराज परिजनों ने एंबुलेंस को सड़क पर खड़ा कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति बिगड़ते देख सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश दी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद परिजन शांत हुए और शव को एंबुलेंस से ले जाया गया। परिजनों के मुताबिक शनिवार रात करीब 8 बजे बसंत देवांगन की तबीयत बिगड़ने पर उसे गरियाबंद के सोमेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब 12 घंटे बाद रविवार सुबह अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मरीज को निमोनिया है और उसकी एक पसली की हड्डी भी टूटी हुई है। मरीज की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे रायपुर के बड़े अस्पताल में ले जाने का फैसला किया। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन मरीज को रेफर करने में लगातार टालमटोल करता रहा और यहां तक कह दिया कि अगर मरना ही है तो यहीं मरेगा।
देर से दी गई एंबुलेंस, नहीं था स्टाफ: परिजन
परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने जानबूझकर एंबुलेंस देने में देरी की। पहले ड्राइवर नहीं होने का बहाना बनाया गया। हालत बिगड़ने पर मरीज का भाई पीतेश्वर खुद एंबुलेंस चलाने को तैयार हुआ। दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच एंबुलेंस दी गई, लेकिन उसमें न तो कोई पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद था और न ही ऑक्सीजन सिलेंडर की सही जांच की गई। परिजन मरीज को लेकर रायपुर के लिए निकले ही थे कि गरियाबंद से करीब 5 किलोमीटर आगे मरीज की हालत और ज्यादा बिगड़ गई। पांडुका के पास एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। (Patient Died in Ambulance)

इसके बाद बताया गया कि एंबुलेंस में लगा ऑक्सीजन सिलेंडर पूरी तरह खाली था, जिसके कारण मरीज को ऑक्सीजन नहीं मिल पाई। सोमेश्वर अस्पताल के संचालक डॉ. कोमल सिन्हा ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि मरीज का इलाज ठीक से चल रहा था। परिजन खुद मरीज को बाहर ले जाना चाहते थे। एंबुलेंस का ड्राइवर नहीं था, इसलिए परिजन ही चलाने को तैयार हुए। उन्हें पहले ही बता दिया गया था कि सिलेंडर में ऑक्सीजन कम है और जिला अस्पताल तक ही ले जाएं या बाहर ले जाना है तो सिलेंडर बदल लें, लेकिन परिजनों ने बात नहीं मानी। फिलहाल परिजन अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही की जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। (Patient Died in Ambulance)



