अमेरिका ने हमें टॉयलेट पेपर की तरह इस्तेमाल किया- पाक रक्षा मंत्री का संसद में सनसनीखेज कबूलनामा

US Pakistan Relations : भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील फाइनल होने के बाद पाकिस्तान और अमेरिका के रिश्तों में बड़ी दरार खुलकर सामने आ गई है। हालात ऐसे बनते दिख रहे हैं कि आर्मी चीफ असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा डोनाल्ड ट्रंप की चापलूसी के ज़रिये बनाए गए संबंध अब टूटने की कगार पर हैं।
इसी बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने संसद में अमेरिका के खिलाफ ऐसा बयान दे दिया, जिसने पूरे सियासी गलियारों में हलचल मचा दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अमेरिका ने पाकिस्तान को “टॉयलेट पेपर की तरह इस्तेमाल कर फेंक दिया (US Pakistan Relations)
क्या बोले ख्वाजा आसिफ?
नेशनल असेंबली में दिए अपने बयान में ख्वाजा आसिफ ने कहा—
“पाकिस्तान ने अमेरिका को सब कुछ दिया—अपने पोर्ट, एयरस्पेस, लॉजिस्टिक सपोर्ट—ताकि वह अफगानिस्तान में युद्ध लड़ सके। लेकिन बदले में हमें सिर्फ इस्तेमाल किया गया और फिर छोड़ दिया गया।”
उन्होंने माना कि पाकिस्तान ने सोवियत संघ के खिलाफ और 2001 के बाद अमेरिका के नेतृत्व वाले युद्धों में भाग लिया, लेकिन यह कोई धार्मिक जिहाद नहीं, बल्कि राजनीतिक फायदे और वैश्विक शक्तियों की सरपरस्ती हासिल करने की कोशिश थी।
क्या मुनीर-शहबाज का “ट्रंप कनेक्शन” टूट रहा है?
ख्वाजा आसिफ के इस बयान से यह साफ हो गया है कि पाकिस्तान की सत्ता और सेना के शीर्ष स्तर पर अमेरिका को लेकर गहरी नाराज़गी पनप रही है। आर्मी चीफ असीम मुनीर और पीएम शहबाज शरीफ द्वारा ट्रंप को खुश कर बनाए गए संबंधों में अब खुली कड़वाहट दिख रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बाद वॉशिंगटन का झुकाव और अधिक भारत की ओर हो गया है, जिससे पाकिस्तान खुद को हाशिये पर महसूस कर रहा है। यह पाकिस्तान के लिए एक बड़ा रणनीतिक झटका माना जा रहा है।
पूर्व पाक जनरलों पर भी तीखा हमला
ख्वाजा आसिफ ने पूर्व सेना प्रमुखों जनरल जिया-उल-हक और परवेज मुशर्रफ पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन्हीं जनरलों ने अमेरिका को अफगान युद्ध के लिए पाकिस्तान के पोर्ट और एयरस्पेस सौंपे।
आसिफ ने यह भी स्वीकार किया कि इन युद्धों के लिए पाकिस्तान ने अपना शैक्षणिक पाठ्यक्रम तक बदल दिया, जिसके दुष्परिणाम आज तक झेले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा—
“इन नीतियों ने अफगानिस्तान को तबाह किया, लाखों लोग प्रभावित हुए और पीढ़ियां बर्बाद हो गईं। यह एक किराए का युद्ध था।”
अफगानिस्तान की पूर्व सांसद का तीखा रिएक्शन
पाक रक्षा मंत्री के इस बयान को अफगानिस्तान की निर्वासित पूर्व सांसद मरियम सोलैमानखिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर साझा किया। उन्होंने लिखा—
“अफगानिस्तान को जिन नीतियों ने तबाह किया, अब वही बात पाकिस्तान की संसद में खुलेआम मानी जा रही है। दुनिया अब अनजान बनकर नहीं रह सकती।”
ख्वाजा आसिफ का यह बयान सिर्फ एक राजनीतिक हमला नहीं, बल्कि पाकिस्तान-अमेरिका रिश्तों की असफलता का सार्वजनिक कबूलनामा है। पाकिस्तान अब भले ही आत्ममंथन की बात कर रहा हो, लेकिन इसके दूरगामी असर क्षेत्रीय स्थिरता और उसकी वैश्विक साख पर पड़ते दिख रहे हैं। (US Pakistan Relations)



